सफेद बाघ देखने ताइवान से पहुंचे 18 पर्यटक, इतना पसंद आया चिडिय़ाघर की रोमांचित हो उठे

विदेशों तक पहुंची मुकुंदपुर के चिडिय़ाघर और सफेद शेर की धमक। विदेशों से सफेद शेर देखने पहुंचे सैलानी। मुकुुंदपुर चिडिय़ाघर देखकर आनंदित हुए।

सफेद बाघ देखने ताइवान से पहुंचे 18 पर्यटक, इतना पसंद आया चिडिय़ाघर की रोमांचित हो उठे

रीवा। आप को बता दें कि पूरे विश्व को सफेद शेर रीवा ने ही दिया था। यहां से ही विश्व के कोने कोने तक सफेद शेर की नश्ल पहुंची। अब इसे ही देखने के लिए विदेशी सैलानी भी पहुंच रहे हैं। सोमवार को ताइवान से 18 विदेशी पर्यटक रीवा पहुंचे। रीवा में सायाजी होटल में रुके। यहां से प्रबंधन ने उन्हें मार्तण्ड सिंह जूदेव चिडिय़ाघर घुमाने की व्यवस्था की। ताइवान के 18 पर्यटकों ने चिडिय़ाघर पहुंच कर भ्रमण किया। उन्हें सफेद बाघ और सफारी खूब पसंद आई। यलो टाइगर की मस्ती देखकर पर्यटक खूब आनंदित हुए। हरे भरे जंगल के बीच में चिडिय़ाघर का भ्रमण पर्यटकों को खूब रास आया। मार्तण्ड सिंह जूदेव चिडिय़ाघर का प्रचार प्रसार करने में रीवा और विंध्य के लोग पीछे नहीं रह रहे हैं। मुकुंदपुर को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान देने में इनकी महती भूमिका है। यही वजह है कि सायाजी में रुक ताइवान के पर्यटकों ने चिडिय़ाघर घूमने की इच्छा जाहिर की और आनंदित भी हुए। विदेशी पर्यटकों के आने से रीवा, सतना क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा मिलेगा। आने वाले दिनों में बाहरी और विदेशी मेहमानों के यहां आने की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है। ताइवान से आए 18 विदेशी पर्यटकों ने आज टाइगर सफारी का भ्रमण किया और सफेद शेर के साथ बब्बर शेर, बंगाल टाइगर व अन्य वन्य प्राणियों को देखकर रोमांचित हुए।

वन मण्डलाधिकारी सतना ने बताया कि व्हाइट टाइगर सफारी की विदेशों में पहचान मिलने के लिए इसे वाराणसी से खजुराहो पर्यटन रूट में शामिल किया गया है ताकि विदेशी सैलानी भी इसे देख सकें और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके। ताइवान के पर्यटक ने व्हाइट टाइगर सफारी का भ्रमण करने के उपरांत कहा कि मैं इसे देखकर रोमांच से भर गया हूँ। इतने करीब से सफेद शेर और अन्य वन्य प्राणियों को देखना मेरे जीवन की विशेष उपलब्धि है। उल्लेखनीय है कि व्हाइट टाइगर के विदेशी पर्यटकों के बीच प्रसिद्धि के लिए प्रणव सिंह का विशेष योगदान रहा है।