3167 प्राथमिक शिक्षकों को मिली डिप्टी सीएम डबल खुशी, अब माध्यमिक शिक्षकों की बारी इस दिन जारी होंगे क्रमोन्नति आदेश

3167 प्राथमिक शिक्षकों को डिप्टी सीएम के हाथों दोहरी खुशी मिली। पहली और दूसरी क्रमोन्नति का आदेश जारी किया गया है। क्रमोन्नति आदेश पाकर शिक्षकों के चेहरे खिल उठे। हालांकि माध्यमिक शिक्षकों के लिए भी खुशखबरी सामने आई है। उन्हें भी एक सप्ताह के अंदर इसकी सौगात मिलने वाली है। शासन से आदेश पहुंच गया है। जल्द ही आदेश पर मुहर लगते ही भव्य कार्यक्रम कर माध्यमिक शिक्षकों को भी क्रमोन्नति आदेश वितरित किया जाएगा।

3167 प्राथमिक शिक्षकों को मिली डिप्टी सीएम डबल खुशी, अब माध्यमिक शिक्षकों की बारी इस दिन जारी होंगे क्रमोन्नति आदेश

मार्तण्ड स्कूल क्रमांक 1 में हुआ आयोजन, शिक्षकों ने गजमाला से किया डिप्टी सीएम का स्वागत

रीवा।  गुरुवार को उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र्र शुक्ल ने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मार्तण्ड क्रमांक एक में नवनिर्मित प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री ने 3167 प्राथमिक शिक्षकों को प्रथम एवं द्वितीय क्रमोन्नति के आदेश प्रदान किए। उप मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में पौधे रोपित करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। समारोह में अध्यापक शिक्षक संघ संयुक्त मोर्चा द्वारा उप मुख्यमंत्री का गजमाला, स्मृति चिन्ह तथा मानपत्र देकर सम्मानित किया गया। 


जल्द ही माध्यमिक शिक्षकों को भी मिलेगी क्रमोन्नति: डिप्टी सीएम
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा हमेशा से शिक्षा का बहुत बड़ा केन्द्र रहा है। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करके रीवा को पुन: शिक्षा का हब बनाएंगे। रीवा में तेजी से विकास हो रहा है। अधोसंरचना विकास के साथ-साथ हर क्षेत्र में विकास आवश्यक है। आज शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही माँग पूरी हो रही है। आज 3167 शिक्षकों को क्रमोन्नति आदेश जारी कर दिए गए हैं। शीघ्र ही माध्यमिक शिक्षकों की भी क्रमोन्नति आदेश जारी किए जाएंगे। शिक्षक पठन-पाठन और विद्यार्थियों पर ध्यान दें। उनकी कठिनाईयों को दूर करने तथा उचित माँगों को पूरा करने में हम किसी तरह की कोर-कसर नहीं रखेंगे। हमारी सरकार ने गुरूजी, शिक्षाकर्मी जैसी प्रथा को समाप्त कर दिया है। विभिन्न निकायों में पदस्थ शिक्षकों का लगातार प्रयास करने के बाद शिक्षा विभाग में संविलियन हुआ है। अब उन्हें सभी तरह के लाभ दिए जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिले में जो कुछ निर्माण कार्य हो रहा है उसका सर्वाधिक लाभ आने वाली पीढ़ी को मिलेगा। इस पीढ़ी को अच्छी शिक्षा और संस्कार देने की जिम्मेदारी शिक्षकों की है। बच्चों को उचित शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन देकर उन्हें देश का जिम्मेदार नागरिक बनाएं। शिक्षक और गुरु सदैव से समाज और देश को दिशा देते रहे हैं। जब बच्चों को सही शिक्षा और संस्कार नहीं मिलते तो वे नशे, अपराध और असामाजिक कार्यों की ओर कदम बढ़ा देते हैं।
146 भृत्य भी हुए पदोन्नति
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी सुदामालाल गुप्ता ने कहा कि शिक्षकों की क्रमोन्नति में कई बाधाएं थी। हमारी टीम ने तीन माह में पाँच हजार से अधिक नस्तियों का परीक्षण करके पात्र शिक्षकों की सूची तैयार की है। आगामी एक सप्ताह में माध्यमिक शिक्षकों के क्रमोन्नति आदेश जारी कर दिए जाएंगे। इसके साथ-साथ 146 भृत्य को भी क्रमोन्नति का लाभ दिया गया है। समारोह में चन्द्रोदय मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, नगर निगम के अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य गुलबसिया देवी, वार्ड पार्षद ज्योति सिंह, वंदना सिंह, त्रियुगीनारायण शुक्ल, राजेश पाण्डेय, संयुक्त संचालक एसके त्रिपाठी, विद्यालय के प्राचार्य जेपी जायसवाल तथा बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।