रीवा के 4 वनकर्मियों ने ऐसा किया काम कि भोपाल में मिला कमेंडेंशन डिस्क का सम्मान

वन मंडल के लिए चार वनकर्मियों को प्रदेशभर से उत्कृत्य कार्य के लिए चुना गया। चारों वनकर्मियों को भोपाल में सम्मानित किया गया है। इन वनकर्मियों ने जंगल और वन्यजीवों को बचाने में महती भूमिका निभाई थी। इसलिए इन्हें सम्मानित किया गया। इनके उत्कृष्ट कार्य से रीवा का भी मान बढ़ा है।

रीवा के 4 वनकर्मियों ने ऐसा किया काम कि भोपाल में मिला कमेंडेंशन डिस्क का सम्मान

BHOPAL. रीवा के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। रीवा वन विभाग को पूरे प्रदेश में सर्वाधिक कमेंडेशन डिस्क सम्मान से सम्मानित किया गया। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश वन विभाग के कई वनकर्मियों में से 47 सर्वश्रेष्ठ वनकर्मियों को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख द्वारा कमेंडेशन डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत किया गया। इनमें से 4 वनकर्मी रीवा वनमण्डल से भी शामिल हुए। महेंद्र शरण त्रिपाठी, उप वन क्षेत्रपाल एवं परिक्षेत्र सहायक, आशुतोष पांडे वनरक्षक, श्रीनिवास कोरी वनरक्षक, अखिलेश पटेल वनरक्षक को भी सम्मानित किया गया।  इन्हें वन संरक्षण प्रयासों, वन्यप्राणी रेस्क्यू, गुणवत्ता पूर्ण वानिकी कार्य, प्लास्टिक फ्री प्लांटेशन जैसे सराहनीय कार्यों के लिए कमेंडेशन डिस्क के लिए चुना गया। मध्य प्रदेश वन विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वन कर्मियों (वन क्षेत्रपाल, उपवनक्षेत्रपाल, वनपाल, वन रक्षक) के लिए वन बल प्रमुख द्वारा कमेंडेशन डिस्क की शुरुआत पिछले वर्ष से ही हुई थी।  वनमण्डल, वृत्त और भोपाल मुख्यालय स्तर पर आवेदनों के मूल्यांकन के उपरांत, सर्वश्रेष्ठ उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 50 वनकर्मियों को कमेंडेशन डिस्क हेतु चयनित किया जाता है। इस मर्तबा रीवा से भी चार वनकर्मियों को शामिल किया गया। इस उपलब्धि पर डीएफओ रीवा ने सभी कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए बधाई दी है।