6 साल के बच्चे को हार्ट अटैक आया, मौत हो गई

दो दिन से बीमार छह साल के बच्चे का हृदय की मांसपेशियों में सूजन आने से उसका हार्ट फेल हो गया। कंचनबाग निवासी छह वर्षीय विहान जैन की दिल्ली में मौत हुई है। पहली कक्षा में पढऩे वाला विहान कारोबारी राहुल जैन का इकलौता बेटा था। रविवार को उसका इंदौर में अंतिम संस्कार किया गया।

6 साल के बच्चे को हार्ट अटैक आया, मौत हो गई

इंदौर। पिता राहुल जैन ने बताया कि विहान दो दिन से अस्वस्थ था। उसका शरीर तप रहा था, लेकिन जब थर्मामीटर से देखा तो बुखार नहीं था। इंदौर में इलाज के बाद वह स्वस्थ हो गया, लेकिन कुछ कमजोरी थी। इसके बाद परिवार में एक कार्यक्रम होने के कारण सभी दिल्ली गए थे। यहां कमजोरी महसूस करने पर विहान को स्थानीय डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने हॉस्पिटल ले जाने की सलाह दी। उसे हॉस्पिटल ले गए तो आईसीयू में भर्ती कर लिया गया। यहां इलाज के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने परिजन को जानकारी दी कि विहान के ब्लड टेस्ट में उसके मायोकार्डाइटिस से पीडि़त होने का पता चला था। यह बीमारी सीधे हार्ट पर असर करती है। इसी से उसकी मौत हुई है। मायोकार्डाइटिस या मायोकार्डियम हार्ट की मांसपेशियों में सूजन की स्थिति है। सूजन के परिणामस्वरूप हार्ट के खून को पंप करने की क्षमता को नुकसान हो सकता है। सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ और तेज या अनियमित दिल की धड़कन, ये सभी मायोकार्डाइटिस (अतालता) के लक्षण हैं। मायोकार्डाइटिस वायरस के संक्रमण के कारण हो सकता है। यह दवा की प्रतिक्रिया या सामान्य सूजन संबंधी बीमारी के कारण भी हो सकता है। गंभीर मायोकार्डाइटिस हार्ट को कमजोर कर देता है, जिससे शरीर के बाकी हिस्सों में अपर्याप्त रक्त प्रवाह होता है। दिल में थक्के के कारण स्ट्रोक या दिल का दौरा पड़ सकता है।