6वां चरण आज: 58 सीटों में 889 कंडीडेट , 39 फीसदी करोड़पति क्या आप जानते हैं सबसे ज्यादा रईस

लोकसभा चुनाव के छठवें चरण का मतदान शनिवार को होगा। 7 राज्यों और 1 केन्द्र शासित प्रदेश की 58 सीटों पर मतदान होगा। छठवें चरण में कुल 889 कंडीडेट मैदान में हैं। इसमें 39 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनमें सबसे धनवान कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए कंडीडेट नवीन जिंदल हैं। वहीं यदि पार्टी की बात करें तो भाजपा करोडपति उम्मीदवार उतारने में टॉप पर है।

6वां चरण आज: 58 सीटों में 889 कंडीडेट , 39 फीसदी करोड़पति क्या आप जानते हैं सबसे ज्यादा रईस
File photo

छठे फेज में 889 कैंडिडेट्स लड़ रहे हैं चुनाव
अब तक 429 सीटों पर मतदान हो चुका छठवां चरण मिलाकर 487 हो जाएगी
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के छठे फेज में शनिवार को 7 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की 58 सीटों पर वोटिंग होगी। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर तीसरे फेज में चुनाव होना था, लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया था। अब यहां छठे फेज में वोटिंग हो रही है। 2019 में इन सीटों पर सबसे ज्यादा भाजपा 40, बसपा 4, बीजेडी 4, सपा 1, जेडीयू 3, टीएमसी 3, एलजेपी 1, आजसू 1 सीट जीती थीं। कांग्रेस और आप अपना खाता भी नहीं खोल सकी थीं। इस फेज में 3 केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, कृष्ण पाल सिंह गुर्जर और राव इंद्रजीत सिंह मैदान में हैं। 3 पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, मनोहर लाल खट्टर और जगदंबिका पाल भी चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा मनोज तिवारी, मेनका गांधी, नवीन जिंदल, बांसुरी स्वराज, संबित पात्रा, राज बब्बर, निरहुआ भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक  इलेक्शन के छठे फेज में 889 कैंडिडेट्स चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 797 पुरुष और 92 महिला उम्मीदवार हैं। इस फेज में सबसे अमीर प्रत्याशी हरियाणा के कुरुक्षेत्र सीट से भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल हैं। उनके पास 1241 करोड़ रुपए की संपत्ति है। 543 लोकसभा सीटों में पांचवे फेज तक 429 सीटों पर मतदान हो गया है। 25 मई तक कुल 487 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा।  आखिरी और सातवें फेज में 56 सीटों पर वोटिंग होगी।
183 कैंडिडेट्स पर दर्ज है आपराधिक रिकार्ड 
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक 183 कैंडिडेट ऐसे हैं, जिन पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं। वहीं 141 उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जिन पर हत्या, किडनैपिंग जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें से 12 उम्मीदवारों को किसी न किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। 6 उम्मीदवारों पर हत्या और 21 पर हत्या की कोशिश के मामले दर्ज हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले 24 उम्मीदवारों पर दर्ज हैं। 3 उम्मीदवारों के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज है। वहीं, 16 कैंडिडेट्स पर भड़काऊ भाषण देने का केस दर्ज है।
-------------
करोड़पतियों पर दांव लगाने में भाजपा सबसे आगे
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 889 उम्मीदवारों में से 39 फीसदी यानी 343 करोड़पति हैं। इन कैंडिडेट्स के पास औसत संपत्ति 6.21 करोड़ रुपए है। सबसे ज्यादा भाजपा के 48 उम्मीदवार करोड़पति हैं। कांग्रेस से बीजेपी में आए नवीन जिंदल सबसे अमीर कैंडिडेट हैं। उनके पास 1241 करोड़ की संपत्ति है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर संतृप्त मिश्रा (482 करोड़ रुपए) और तीसरे नंबर पर कांग्रेस के सुशील गुप्ता (169 करोड़ रुपए) हैं। बीजू जनता दल के सभी 6 कैंडिडेट, आरजेडी और जेडीयू के सभी 4 कैंडिडेट, सपा के 11, टीएमसी के 7, कांग्रेस के 20 और आम आदमी पार्टी के 4 कैंडिडेटस की संपत्ति एक करोड़ या उससे ज्यादा है। सबसे कम संपत्ति वाले उम्मीदवारों में एसयूसीआईसी (सी) के उम्मीदवार रामकुमार यादव का नाम है। उनके पास 1686 रुपए की संपत्ति है। वहीं रोहतक से निर्दलीय उम्मीदवार मास्टर रणधीर सिंह के पास संपत्ति के नाम पर महज 2 रुपए है।