कॉलेज में नकल के वायरल वीडियो में आया नया मोड, दो कर्मचारियों पर बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप
भोज मुक्त विवि की परीक्षा का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें चाकघाट कॉलेज में सामूहिक नकल करते हुए दिखाया गया था। इस मामले की जांच में अब नया मोड़ आ गया है। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य की जांच में दो कर्मचारियों पर ही कॉलेज को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लग रहा है। इनकी नियुक्ति पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अभी जांच जारी है।
चाकघाट नेहरू स्मारक कॉलेज का वीडियो हुआ था वायरल
परीक्षा केन्द्र बदल दिया गया, जांच अभी जारी है
रीवा। ज्ञात हो कि भोज मुक्त विवि की परीक्षाएं चल रही हैं। रीवा में 50 से अधिक परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा के बीच ही चाकघाट में संचालित नेहरू स्मारक कॉलेज के नाम से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। इस वीडियो में रुपए लेकर छात्रों को नकल कराने की छूट देने का ताना बाना बुना गया। इसमें एक व्यक्ति वीडियो रिकार्डिंग करते हुए सभी से परीक्षा में नकल करने के लिए कितने रुपए लिए गए हैं। इसकी भी पूछताछ कर रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद भोज मुक्त विवि के क्षेत्रीय निदेशक एक्टिव हुए। तुरंत कॉलेज पहुंच कर मामले की जांच की। इतना ही नहीं परीक्षा केन्द्र भी बदल दिया गया है। नेहरू स्मारक महाविद्यालय का परीक्षा केन्द्र तोड़कर त्योंथर कॉलेज को परीक्षा केन्द्र बना दिया गया। जांच अभी जारी है। जांच में चौकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। यह वीडियो कॉलेज को बदनाम करने के लिए वहीं पदस्थ दो कर्मचारियों ने बनाकर एडिट किया है। यह वीडियो काफी पुराना बताया जा रहा है। कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि यह वीडियो कॉलेज में ही पदस्थ द्विवेदी नाम का कर्मचारी वायरल कर रहा है। वहीं वीडियो में जो रिकार्डिंग करते हुए दिख रहा है, वह भी कॉलेज में ही पदस्थ कर्मचारी हैं। यह दोनों कर्मचारी ही कॉलेज को बदनाम कर रहे हैं। जिस दिन का यह वीडियो बताया जा रहा है। उस दिन सिर्फ सिंगल पेज का पेपर दिया गया था। जबकि वीडियो में कई पन्नों का प्रश्न पत्र दिखाया जा रहा है। इस वीडियो को एडिट कर वायरल करने की बात कही जा रही है। इस मामले की फिलहाल जांच जारी है। जांच के बाद संबंधित के खिलाफ थाना में एफआईआर भी कराने की तैयारी है।
परीक्षा केन्द्र बदल दिया गया है
वीडियो वायरल होने के बाद जांच करने मौके पर भोज मुक्त विवि के क्षेत्रीय निदेशक प्रोफेसर रविन्द्रनाथ तिवारी भी पहुंचे थे। उन्होंने परीक्षा की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा केन्द्र को बदलने का आदेश जारी कर दिया है। त्योंथर कॉलेज को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल प्रश्न पत्र और कॉपियां त्योंथर कॉलेज भेज दी गई हैं।
जिन पर लग रहे आरोप उनकी नियुक्ति पर भी सवाल
कॉलेज को बदनाम करने के लिए शोसल मीडिया पर नकल करने का वीडियो वायरल किया गया है। यह वीडियो जिन दो कर्मचारियों ने बनाकर वायरल किया है। उनकी नियुक्ति पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कॉलेज के प्राचार्य श्रीनिवास पटेल हैं। जिनकी तबीयत खराब चल रही है। उनका बाहर इलाज चल रहा है। श्रीनिवास पटेल ने ही दोनों कर्मचारियों की नियुक्ति की थी। जांच के दौरान जब दोनों कर्मचारियों से उनके पदों की जानकारी ली गई तो वह यह भी नहीं बता पाए कि वह किस पद पर पदस्थ हैं। इतना ही नहीं दोनों कर्मचारियों पर गंभीर मामले दर्ज होने की बात भी कही जा रही है।
प्रभारी प्राचार्य ने जान का खतरा बताया
प्रभारी प्राचार्य नेहरू स्मारक कॉलेज चाकघाट ने जान का खतरा बताया है। दोनों कर्मचारियों पर धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस को पत्र लिखकर परीक्षा के पूर्व ही बल की मांग भी की गई थी। जांच के बाद दोनों के खिलाफ थाना में शिकायत भी दर्ज कराई जाएगी।
................................
वीडियो वायरल होने के बाद कॉलेज पहुंच कर जांच की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा केन्द्र बदल दिया गया है। त्योंथर परीक्षा केन्द्र कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
प्रो. रविन्द्रनाथ तिवारी
क्षेत्रीय निदेशक, भोज मुक्त विवि रीवा
----------------
वायरल वीडियो अभी का नहीं है। दो कर्मचारियों ने ही वीडियो बनाकर वायरल किया है। उन्होंने धमकी भी दी है। पुलिस से बल भी मांगा गया था। बाहर वीडियो का एडिट कर वायरल किया गया है। परीक्षा केन्द्र बदल दिया गया है। कापी, पेपर भी पहुंचा दिया गया है।
गौहर हसन, प्रभारी प्राचार्य
नेहरू स्मारक महाविद्यालय, चाकघाट