युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने लगाया सड़क पर जाम, हत्या की जताई आशंका

घर से अचानक गायब हुए युवक की दो दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। इससे गुस्साए परिजनों ने शुक्रवार को सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस और प्रशासिनक अधिकारी मौके पर पहुंचे। समझाइश के बाद परिजन मानें और जाम खोला।

रीवा। गढ़ थाना क्षेत्र के अटरिया लालगांव निवासी हर्षित सिंह पिता अखिलेश सिंह 8 अक्टूबर की रात दुर्गा पंडाल गए हुए थे, इसके बाद युवक लापता हो गया और उसका फोन भी बंद हो गया। जिसके बाद बीते दिन युवक का शव मिला। परिजनों ने शुक्रवार को युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया साथ ही पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। जानकारी के मुताबिक अटरिया लालगांव निवासी हर्षित सिंह पिता अखिलेश सिंह 20 वर्ष की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत के बाद शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने पुलिस पर निष्क्रियता और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। परिजनों ने 9 अक्टूबर की सुबह लालगांव पुलिस चौकी में युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस अन्य मामलों में व्यस्त रही, जिसके चलते हर्षित की खोजबीन सही समय पर नहीं हो सकी। 10 अक्टूबर की शाम लगभग 4 बजे सूचना मिली कि थाना बैकुंठपुर के दोहा मोड़ के पास एक युवक का शव पड़ा है। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने शव की पहचान हर्षित सिंह के रूप में की। मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले, जिससे संदेह होता है कि यह हत्या का मामला है। पुलिस ने  मृतक के शव को परीक्षण के लिए सिरमौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा था। घटना से आक्रोसित लोगों ने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व हर्षित के परिवार को न्याय दिलाने धरना प्रदर्शन सड़क पर जाम लगाया। सुबह से विरोध प्रदर्शन का सिलसिला दोपहर करीब तीन बजे तक चला।
उच्च अधिकारियों की समझाइस के बार माने परिजन
सड़क पर जाम की स्थित को देखते हुए घटनास्थल पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मनगवा के अनुविभागीय अधिकारी डॉक्टर कृपाशंकर द्विवेदी, सिरमौर के नायब तहसीलदार और गढ़ थाना प्रभारी श्रंगेश सिंह राजपूत सहित लालगांव चौकी एवं गढ़ थाने का पुलिस बल पहुंचा। वे प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश करते रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसी घटनाओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिसके बाद आक्रोसित लोग मानने को तैयार हुए और दोपहर तीन बजे स्थित सामान्य हो सकी।