आयुष्मान भव: कर्मचारी बेहाल और सुपर के डॉक्टर होने वाले हैं मालामाल

आयुष्मान योजना डॉक्टरेंा को मालामाल करने वाली है। फिर से डॉक्टरों के खाते में लाखों रुपए पहुंचने वाले हैं। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टरों को 3 करोड़ रुपए बांटने की तैयारी है। हालांकि इसमें कर्मचारियों को नजर अंदाज किया गया है। सुपर स्पेशलिटी के कर्मचारियों का नाम गायब है। कर्मचारियों को पिछले कई महीनों से प्रोत्साहन राशि की फूटी कौड़ी तक नहीं मिली है।

आयुष्मान भव: कर्मचारी बेहाल और सुपर के डॉक्टर होने वाले हैं मालामाल
file photo

रीवा। ज्ञात हो कि आयुष्मान योजना के तहत इलाज पाने वाले मरीजों को तो 5 लाख तक का फायदा मिलता है। इलाज करने वाले डॉक्टरेां को भी प्रोत्साहन राशि का फायदा दिया जाता है। इसमें कर्मचारियों को भी कमीशन मिलता है। पिछले एक साल का डॉक्टरों को प्रोत्साहन राशि नहीं मिला था। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी लाभ से अब तक वंचित थे। अब नया बिल लगा है लेकिन इसमें डॉक्टरों के ही नाम है। आयुष्मान योजना की प्रोत्साहन राशि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टरों को मालामाल करने वाली है। करीब 3 करोड़ से अधिक का बिल लगाया जाने वाला है। इस राशि से कई डॉक्टर मालामाल हो जाएंगे। इलाज करने वाले डॉक्टरों के अलावा योजना के नोडल अधिकारियों को भी भारी भरकम राशि मिलने वाली है। ऐसे में सिर्फ डॉक्टरों के खाते में राशि आने से कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। कर्मचारियों को नजर अंदाज कर दिया गया है। जबकि उन्हें भी राशि का वितरण करने के आदेश हैं। सभी कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि का प्रतिशत तय है।
आयुष्मान के प्रोत्साहन राशि ने बढ़ा दिए आपरेशन
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आयुष्मान योजना के चक्कर में आपरेशन की संख्या बढ़ गई है। मरीजों के ताबड़तोड़ आपरेशन किए जा रहे हैं। यह सब कुछ आयुष्मान प्रोत्साहन राशि के चक्कर में हो रहा है। यही वजह है कि यहां के डॉक्टरों का कमीशन भी बम्पर बना हुआ है। सूत्रों की मानें तो एक डॉक्टरों को यहां 20 लाख रुपए तक का कमीशन मिलने वाला है। अब कमीशन की राशि से ही अंदाजा लगाया जा सकता है। यह कमीशन का वितरण पुराने आदेश के तहत ही किया जा रहा है। जिससे नोडल अधिकारी भी लाभान्वित होंगे।
कर्मचारियों को नहीं मिल रहा लाभ
सुपर स्पेशलिटी में आयुष्मान योजना के कमीशन राशि में डॉक्टर और अधिकारी ही मजे कर रहे हैं। वहीं कर्मचारियों को नजर अंदाज कर दिया गया है। अब तक कर्मचारियों को पिछले एक साल का प्रोत्साहन राशि नहीं मिला है। वहीं दूसरी तरफ संजय गांधी अस्पताल में कर्मचारियों को हाल ही में प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया था। कर्मचारी प्रोत्साहन राशि पाने के पास गदगद नजर आए थे। संजय गांधी अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारियों का बिल हर महीने लग रहा है लेकिन सुपर स्पेशलिटी में एक साल बाद यह बिल लगाया जा रहा है।
इस तरह से होगा आयुष्मान प्रोत्साहन राशि का वितरण
पुराने आदेश के तहत आयुष्मान पैकेज की 60 फीसदी राशि महाविद्यालय को दी जाएगी। इस राशि का 30-30 फीसदी के अनुपात में उपयोग किया जाएगा। आयुष्मान पैकेज की 15 फीसदी राशि चिकित्सकों की प्रमुख टीम को जाएगी। मेडिकल पैकेज में 15 फीसदी राशि में से 5 फीसदी राशि लैब टेक्नीशियन एवं पैरामेडिकल स्टाफ को दी जाएगी। सर्जिकल पैकेज में 15 फीसदी राशि में से 5 फीसदी राशि निश्चेतना विशेषज्ञ को दी जाएगी। रेडियोलॉजिस्ट बायोकेमिस्ट, पैथालॉजिस्ट, माइक्रोबायलॉजिस्ट को पैकेज की 3.5 फीसदी राशि दी जाएगी। आयुष्मान नोडल अधिकारी को 2 फीसदी राशि दी जाएगी। नर्सिंग स्टाफ को 3.5 फीसदी राशि दी जाएगी। आयुष्मान मित्र एवं सुपरवाइजर को पैकेज की राशि का 4 फीसदी और वार्ड ब्वाय , क्लास 4 को 2 फीसदी राशि दी जाएगी। नए आदेश में कई बदलाव किए गए हैं। सुपर वाइजर और नोडल अधिकारी के लाभ पर कैची चला दी गई है।