मऊगंज जिला बनाने का श्रेय लेने में लड़ रहे भाजपाई और उधर बन्ना ने खेल दिया दांव, जुटाई हजारों की भीड़

मऊगंज जिला बनाए जाने का श्रेय लेने की होड़ मची है। भाजपाई आपस में ही खींचतान कर रहे हैं। 15 अगस्त को भरे मंच पर ही यह खींचतान साफ नजर आई थी। जिला बनने का श्रेय ठीक से भाजपाई भुना भी नहीं पाए कि कांग्रेस के पूर्व विधायक बन्ना ने बड़ा दांव खेल दिया। लंबे समय से सिर्फ जिला बनने की घोषणा का ही इंतजार मानों कर रहे थे। जैसे घोषणा हुई उन्होंने मऊगंज में ही एक बड़ा सम्मान समारोह आयोजित कर डाला। जिला बनाने में सहयोग करने वाले लोगों का सम्मान करने की घोषणा कर दी।

मऊगंज जिला बनाने का श्रेय लेने में लड़ रहे भाजपाई और उधर बन्ना ने खेल दिया दांव, जुटाई हजारों की भीड़
मऊगंज में आयोजित सम्मान समोराह

मऊगंज। मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल को बुलाया। उनका भी जोरदार स्वागत किया। एक तीर से दो निशाना साधा। एक तरफ भाजपाईयों की धड़कनें बढ़ा दी। वहीं कांग्रेस में अजय सिंह राहुल को दरकिनार कर पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल को उपकृत किया जा रहा है, ऐसे में अजय सिंह राहुल का जोरदार स्वागत कर पार्टी के लोगों को भी सुखेन्द्र सिंह बन्ना ने उनकी अहमियत बताने की कोशिश की है। मऊगंज में उनका जोरदार स्वागत किया गया। भारी भीड़ उनके समर्थन में पहुंची थी।
फिर दोहराएंगे इतिहास: अजय सिंह राहुल
मऊगंज में आयोजित सम्मान समोराह में कांग्रेस के वरिष्ठ व पूर्व प्रतिपक्ष नेता ने कहा कि विंध्य में एक बार फिर 2013 का इतिहास दोहराएंगे। विंध्य कांग्रेस का गढ़ रहा है और फिर रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की तरह मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि 2023 के चुनाव में प्रदेश में डेढ़ सौ से अधिक सीटों पर कांग्रेस जीतेगी। श्री सिंह ने हनुमान जी का गदा उठा कर कहा कि आज मंगलवार हनुमान जी का दिन है तो यह तो तय हो चुका है कि प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी और मऊगंज से सुखेन्द्र सिंह बन्ना की जीत पक्की होगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने भी संबोधित किया ।
सम्मान समारोह का किया गया था आयोजन
रीवा जिले से अलग होकर मऊगंज जिला बना है। जिला बनाने के लि कांग्रेस के पूर्व मऊगंज विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने आंदोलन किया था। हजारों लोगों के साथ गिरफ्तारी दी थी। मऊगंज जिले की मांग पूरा होने को इस आंदोलन से जोड़ते हुए बड़ी जीत बताते हुए लोगों को सम्मानित किए जाने का कार्यक्रम आयोजित किया था। जिसके लिए भारी हुजूम भी उमड़ा था। सम्मान समारोह में रीवा जिला संगठन प्रभारी प्रताप भानु शर्मा, जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, महापौर अजय मिश्रा बाबा, पूर्व विधायक विद्यावती पटेल, बृजभूषण शुक्ला, धर्मेंद्र तिवारी बब्बुल, जिला पंचायत सदस्य पद्मेश गौतम, नगर परिषद मऊगंज अध्यक्ष बृजवासी पटेल, सहित कांग्रेस संगठन के ब्लाक अध्यक्ष व कांग्रेस प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लगा रहा जाम
मंगलवार को मऊगंज में आयोजित सम्मान समारोह में उमड़ी भीड़ के कारण 2 किलोमीटर से ज्यादा लंबा जाम लगा रहा। दरअसल इतने वाहन हो गए थे कि पुलिस प्रशासन को ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।