मेडिकल कॉलेज के बाबू का कमाल, सीनियर दरकिनार और जूनियर को दे दिया लाभ

श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के लिपिकों की मनमानी के कारण कर्मचारी परेशान हैं। इनकी मनमानी के कारण कर्मचारी मानसिक रूप से प्रताडि़त हो रहे हैं। नया मामला समयमान वेतनमान का है। इसमें जूनियरों को आदेश जारी कर दिया गया। वहीं सीनियरों की फाइल दबा दी गई है।

मेडिकल कॉलेज के बाबू का कमाल, सीनियर दरकिनार और जूनियर को दे दिया लाभ
file photo sgmh

रीवा। मिली जानकारी के अनुसार श्याम शाह मेडिकल कॉलेज से संबद्ध संजय गांधी अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ और रेडियोग्राफर, अन्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का समय मान वेतनमान जारी करने के लिए तत्कालीन अधीक्षक डॉ अवतार सिंह ने डीन को पत्र लिखा था। यह पत्र जनवरी 2023 में भेजा गया था। इसके साथ ही कर्मचारियों की लिस्ट भी भेजी गई है। भेजे गए लिस्ट और पत्र में अधीक्षक ने सभी कर्मचारियों को समयमान वेतनमान जारी करने की बात कही थी। इस फाइल को स्थापना शाखा के लिपिक ने दबा दिया। आज तक उसका निराकरण श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों ने नहीं किया। यह सभी समयमान वेतनमान का इंतजार करने वाले कर्मचारियों की नियुक्ति वर्ष 2011-12 के पहले की है। वहीं जिन्हें समयमान वेतनमान का लाभ दिया गया है। वह सभी इसके बाद की ज्वाइनिंग के हैं। सभी तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को इसका लाभ दे दिया गया। इस विसंगति के कारण अब नर्सिंग स्टाफ, रेडियोग्राफर और अन्य कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। आंदोलन की तैयारी में हैं। नर्सिंग स्टाफ इसे लेकर पहले भी आंदोलन कर चुका है। हाल ही में चेतावनी भी दी है।