गुढ़ में बड़ा हादसा: आमने सामने से टकराई बल्कर, एक की मौत

गुढ़ थाना क्षेत्र के बघवार में शुक्रवार की सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। दो बल्कर में सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक की मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल है। घायल का इलाज संजय गांधी अस्पताल में चल रहा है।

गुढ़ में बड़ा हादसा: आमने सामने से टकराई बल्कर, एक की मौत

रीवा। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे हादसा हुआ है। स्थानीय लोगों ने जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तत्काल ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक एक बल्कर के चालक की मौत हो चुकी थी। जिसकी पहचान रामभैया यादव पुत्र सौखीलाल यादव 36 वर्ष निवासी सेमरी थाना कोटर जिला सतना के रूप में की गई है। वहीं खलासी रामजी मिश्रा पुत्र रामसजीवन 30 वर्ष की सांसे चल रही थी, जिसे उपचार के लिये पुलिस वाहन से ही संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
दो बाइक आपस में टकराई, चार घायल
इधर जवा थाना क्षेत्र के पथरौड़ा गांव में शुक्रवार की दोपहर दो मोटर साइकिलों की सीधी भिड़ंत हो गई। इस घटना में एक बाइक में सवार नीलेश कोल पुत्र बसंत कोल एवं विकास कोल पुत्र बाबूलाल कोल निवासी जवा गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। वहीं दूसरी बाइक में सवार एक महिला व पुरुष को भी चोट पहुंची है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिये जवा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां नीलेश की हालत गंभीर होने पर संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।