झमाझम बारिश से भर गया बीहर बराज, चार गेट खोले गए, बाण सागर ने भी तोड़ा रिकार्ड

24 घंटे में हुई जोरदार बारिश से बांधों का जलस्तर बढ़ा है। बीहर बराज फुल हो गया है। चार गेट खोल दिए गए हैं। वहीं 24 घंटे में बाण सागर बांध का भी जलस्तर करीब 1 मीटर तक बढ़ गया है। बारिश का दौर लगातार जारी है।

झमाझम बारिश से भर गया बीहर बराज, चार गेट खोले गए, बाण सागर ने भी तोड़ा रिकार्ड

24 घंटे में बाण सागर बांध का जलस्तर करीब 1 मीटर तक बढ़ा
रीवा। जुलाई महीना बारिश के इंतजार में ही बीत गया। जोरदार बारिश नहीं हुई। किसानों के माथे पर बल खिंच गया था। नदी, नाले सूखे हुए थे। अब अगस्त महीने में मानसून मेहरबान हुआ है। पिछले तीन दिनों से बारिश का दौर जारी है। हालांकि शुक्रवार की रात और शनिवार को दिन भर हुई बारिश ने सब के चेहरे पर खुशी बिखेर दी है। खेतों में पानी लबालब भर गया है। नदी, नाले भी उफान पर है। इस बारिश का असर अब बांधों पर भी दिखने लगा है। बकिया बराज का जलस्तर बढ़ा है। वहीं बहीर बराज पूरी तरह से फुल हो गया है। अधिकतम जलस्तर तक पानी पहुंचने के बाद इसके चार गेट डेढ़ डेढ़ मीटर खोल दिए गए हैं। करीब 197.56 क्यूसेक पानी बांध से छोड़ा जा रहा है। बकिया बराज भी भरने की कगार पर है। ऐसे ही बारिश का दौर जारी रहा तो इसके भी गेट खुलने की संभावनाएं बढ़ जाएंगी।
बाण सागर बांध ने दी राहत
शहडोल संभाग में जोरदार बारिश हो रही है। इसका असर बाण सागर बांध के जलस्तर पर दिखने लगा है। 24 घंटे में ही बाण सागर बांध का जलस्तर करीब एक मीटर तक बढ़ गया है। शुक्रवार को रात 10 बजे तक बाण सागर बांध का जलस्तर 332.85 मीटर रिकार्ड किया गया था। यह शनिवार को रात 10 बजे 333.74 तक पहुंच गया है। तेजी से बाण सागर का पानी बढ़ रहा है। ऐसे ही बारिश होती रही तो इसके जल्द ही भरने की संभावनाएं हैं।
किसानों के चेहरे पर छाई खुशी
जोरदार बारिश ने किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी है। कमजोर बारिश के कारण किसानों के माथे पर बल खिंच गया था। किसान फसलों को लेकर चिंतित थे। रोपा सूखने लगा था। बोनी प्रभावित हो रही थी। अब बारिश के बाद खेतों में पानी लबालब भर गया है। जिन्होंने बारिश का इंतजार किया। अब वह बोनी की तैयारी में जुट गए हैं। रोपा लगाने का काम भी किसानों ने शुरू कर दिया है।
बांधों के जलभराव की स्थिति (मीटर में)
बांध               अधिकतम   3 अगस्त 2024    गेट खुले   
बकिया बराज    280.50        279.40           00
बीहर बराज      280.00        279.40           04
देवलोंद           341.64        333.74           00
सिलपरा          297.00        293.50           00