रीवा में फिर चली गोली, आधी रात को युवक पर हुई फायरिंग, जांघ में धंसी गोली

रीवा में फिर फायरिंग हुई है। पुलिस अवैध असलहों पर रोक नहीं लगा पा रही है। अपराधी निरंकुश हो गए हैं। कुछ दिन पहले एक लड़की को घर में घुसकर युवक ने गोली मारी थी। इस मामले में पुलिस ने सुलझाया ही था कि आधी रात को फिर फायरिंग हो गई। युवक पर फायरिंग की गई। युवक के जांच में गोली लगी है। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इलाज जारी है।

रीवा में फिर चली गोली, आधी रात को युवक पर हुई फायरिंग, जांघ में धंसी गोली

सिरमौर चौराहा स्थित आईजी आफिस के पास हुई फायरिंग
रीवा। शहर के अमहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरमौर चौराहे के पास स्थित आईजी आफिस के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात्रि एक बार फिर गोली चालन की घटना सामने आई। गोली युवक के पैर के ऊपर जांघ में लगी है। घायल को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। अमहिया पुलिस घटना में शामिल अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।  बेखौफ बदमाशों ने इस बार पुलिस महान निरीक्षक कार्यालय के समीप वारदात को अंजाम दिया है।  घटना की सूचना पर अमहिया थाना प्रभारी विजय सिंह परिहार बिछिया थाना प्रभारी विंधेश्वरी सिंह चौहान सहित भारी पुलिस बल पहुंचा था।  बताया गया है की गोली चालन की यह वारदात दोस्तों के बीच में ही हुई है। घटना के संबंध में अब तक जो जानकारी निकलकर सामने आ रही है उसके मुताबिक बीती रात्रि तकरीबन 12 बजे जनता कॉलेज के समीप रहने वाला आदित्य शुक्ला पिता अश्वनी शुक्ला 27 वर्ष अपने आधा दर्जन दोस्तों के साथ सिरमौर चौराहा स्थित पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के समीप खड़ा हुआ था। इसी दौरान दोस्तों के बीच हंसी मजाक चल रहा था तभी बंदूक से गोली चालन की घटना हो गई। गोली आदित्य के जांघ में जा धंसी है जिसे दोस्तों द्वारा ही उपचार के लिए  संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गोली चालन की सूचना अमहिया पुलिस को दी गई थी, देर रात अस्पताल पहुंची पुलिस के सामने घायल युवक ने पूरी घटना बयान की है। घायल युवक के पिता ने एक आरोपी का नाम पुलिस को बताया है, जिसके बाद पुलिस द्वारा संदेहियों से पूछताछ की जा रही है।
बढ़ रही गोली चालन की घटनाएं
शहर में लगातार गोली चालन की घटनाएं सामने आ रही हैं। बीते दो माह में समान थाना क्षेत्र के वीटू मॉल, अस्पताल चौराहा के साथ विश्वविद्यालय व सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों से गोली चालन की घटनाएं सामने आई है। लगातार इस तरह की घटनाएं बढ़ रही है, जिससे पुलिस की मुश्किलें बढ़ी हुई है। जिस तरह से अवैध हथियार बदमाशों के हाथ आसानी से लग रहे है, उससे कभी भी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। अब तो बदमाशों ने पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के समीप गोली चालन की वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।