इस विभाग में भी जल्द ही निकलेंगे बंपर नौकरियां, डिप्टी सीएम ने दिए संकेत

स्वास्थ्य विभाग में फिर बंम्पर नौकरियां निकलने वाली है। सुपर स्पेशलिटी, मेडिकल कॉलेज के बाद अब स्वास्थ्य सेवाएं में भी नौकरी निकलने वाली है। इसके संकेत शुक्रवार को डिप्टी सीएम ने समीक्षा बैठक में दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों की जानकारी तलब की है। सभी पदों पर भर्ती किए जाने के बात कही है। एनएचएम पदों पर भी भर्तियां की जाएंगी। इसके अलावा तहसीलों के अस्तपाल को हाईटेक बनाने की योजना है।

इस विभाग में भी जल्द ही निकलेंगे बंपर नौकरियां, डिप्टी सीएम ने दिए संकेत

रीवा। समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के भवन विहीन उप स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा अन्य संस्थाओं के नवीन भवनों के लिए तत्काल प्रस्ताव बनाएं। रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भी प्रस्ताव प्रस्तुत करें। हाल ही में जिले में अनुबंध के आधार पर 33 डॉक्टरों की पदस्थापना की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी इनको तत्काल कत्र्तव्य पर उपस्थित कराएं। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में संसाधनों की किसी भी तरह की कमी नहीं रहेगी। उप मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय में आधुनिक एक्स-रे सेंटर का शुभारंभ किया।
डेढ़ करोड़ की लागत से मॉड्यूलर ओपीडी का होगा निर्माण
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला चिकित्सालय का विकास और विस्तार तेजी से हुआ है। यह आधुनिक अस्पताल की तरह कार्य कर रहा है। नए भवन बन जाने से इसमें 100 बिस्तर में भर्ती की सुविधा हो जाएगी। अस्पताल में प्रसूति के लिए आने वाली महिलाओं के लिए कम से कम 60 बिस्तरों की व्यवस्था करें। जिला अस्पताल में माड्यूलर ओपीडी के लिए भी एक करोड़ 50 लाख रुपए मंजूर कर दिए गए हैं। इसका टेण्डर जारी हो गया है। इसका उपयुक्त स्थल पर निर्माण कराएं। पुराने भवन में पर्याप्त स्थान होने पर यहाँ निर्माण हो सकता है। नए भवन में भी मॉड्यूलर ओपीडी बनाई जा सकती है। एक अतिरिक्त माड्यूलर ओपीडी के लिए भी राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
इन पदों पर भर्ती के निर्देश दिए
उप मुख्यमंत्री ने चिकित्साकर्मियों के रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए कहा कि वार्ड ब्वाय, सुरक्षा कर्मी, रेडियोलॉजिस्ट तथा अन्य इसी तरह के पद जिनकी एनएचएम में भर्ती नहीं हो सकती है उनके लिए विभागीय भर्ती के प्रस्ताव दें। अति आवश्यक पदों की पूर्ति एनएचएम से भी कराई जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले रोगियों का मन लगाकर उपचार करें। बहुत आवश्यक होने पर ही यहाँ से संजय गांधी हास्पिटल के लिए रोगी को रेफर करें। हम सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा तहसील के सिविल अस्पतालों को आधुनिक उपकरणों एवं डॉक्टरों से सुसज्जित करेंगे जिससे जिला चिकित्सालय और संजय गांधी अस्पताल में रोगियों को रेफर करने की आवश्यकता न पड़े। टेली मेडिसिन की व्यवस्था को भी अति प्रभावी बनाया जाएगा।

सीएमएचओ कार्यालीय से हटेगा अतिक्रमण
उप मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय परिसर से अतिक्रमण हटाने तथा जिला क्षय केन्द्र के भवन का निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए। बैठक में सिविल सर्जन डॉ संजीव शुक्ला ने जिला अस्पताल की पाँच वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी। बैठक में नगर निगम रीवा के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर प्रतिभा पाल, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ बीएल मिश्रा, सीएमएचओ डॉ केएल नामदेव, डॉ केपी गुप्ता, डॉ बीएल गुप्ता, डॉ बीके अग्निहोत्री तथा सभी बीएमओ एवं अन्य चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल में निर्माणाधीन ओपीडी भवन का किया निरीक्षण
उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जिला चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में 100 बिस्तर का नया भवन तथा माड्यूलर ओपीडी भवन का निर्माण किया जा रहा है। मौके पर उपस्थित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 बिस्तर अस्पताल भवन तथा ओपीडी भवन का निर्माण 31 मार्च तक पूरा कराएं। जिससे मुख्यमंत्री जी के घोषणा का परिपालन किया जा सके। आधुनिक ओपीडी भवन से रोगियों को उपचार की आधुनिकतम सुविधाएं मिलेंगी। यह प्रदेश का सबसे सुसज्जित ओपीडी भवन होगा। मौके पर उपस्थित हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री अनुज सिंह ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। इस अवसर पर नगर निगम रीवा के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर प्रतिभा पाल, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ बीएल मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. संजीव शुक्ला, सीएमएचओ डॉ केएल नामदेव तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।