सड़कों से गायब हुई बसें, बस स्टैण्ड पर भी पसरा सन्नाटा, यहां चली गईं हैं सारी बसें

गुरुवार से मतदान दलों के मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया जाना है। इसके लिए वाहनों का अधिग्रहण शुरू कर दिया गया है। कुल 719 वाहन चुनाव ड्यूटी के लिए अधिग्रहित किए जाएंगे। इसमें 491 बसें और 228 जीप शामिल हैं। बुधवार को कई वाहनों की धरपकड़ की गई हैं। सभी को इंजीनियरिंग कॉलेज में खड़ा कराया गया है। यहीं से मतदान दल रवाना होगा।

सड़कों से गायब हुई बसें, बस स्टैण्ड पर भी पसरा सन्नाटा, यहां चली गईं हैं सारी बसें

रीवा। विधानसभा चुनाव के लिए रीवा तथा मऊगंज जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में 17 नवम्बर को प्रात: 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान कराने के लिए 16 नवम्बर को निर्धारित वाहनों से मतदान दल मतदान सामग्री के साथ प्रस्थान करेंगे। मतदान दलों को ले जाने वाले वाहनों में जीपीएस लगाये गये हैं। इसके साथ-साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट, रिटर्निंग ऑफिसर तथा सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के वाहनों में भी जीपीएस लगाया गया है। मतदान व्यवस्थाओं के लिए 719 वाहनों का उपयोग किया जायेगा। सभी वाहनों का अधिग्रहण करके निर्धारित पार्किंग स्थल इंजीनियरिंग कॉलेज में सुव्यवस्थित कर दिया गया है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा पाल ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन के लिए 719 वाहनों का अधिग्रहण किया गया है। इनमें 491 बसें तथा 228 जीपें शामिल हैं। 201 जीपें सेक्टर ऑफिसरों को दी गयी हैं। 10 प्रतिशत वाहन रिजर्व रहेंगे। जिला परियोजना अधिकारी मनीष त्रिपाठी द्वारा अधिग्रहित वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में व्यवस्थित करायें गये हैं। जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों के लिए 445 रूट बनाये गये हैं।
सड़कों से बसें गायब, बस स्टैण्ड पर सन्नाटा

बसों के अधिग्रहण के कारण सड़कें सूनी हो गई हैं। बसें और सवारी वाहन गायब हो गए हैं। बस स्टैण्ड पर सन्नाटा पसर गया है। लोगों को आने जाने के लिए भी वाहन नहीं मिल पा रहे हैं। निजी वाहनों से आना जाना करना पड़ रहा है। वाहनों के अधिग्रहण के कारण ही लोग घर नहीं लौट पा रहे हैं। जिनके पास खुद के वाहन नहीं है। वह शहर में ही फंस कर रह गए हैं। दिन भर लोग वाहनों की तलाश में इधर उधर भटकते रहे। ऐसे में आटो ही आने जाने के लिए विकल्प बना। महंगा किराया चुका कर लोग गंतव्य तक गए।
विधानसभावार रूट और वाहनों की जानकारी
विधानसभा क्षेत्र     रूट    बसें    जीप
सिरमौर              49    54    26
सेमरिया             49    54    26
त्योंथर               50    56    29
मऊगंज              49    54    29
देवतालाब           63    70    29
मनगवां              71    78    29
रीवा                  51    56    29
गुढ़                    63    69    29
रिजर्व                 --    46    21