चिडिय़ाघर में बटर फ्लाई जोन तैयार, तितलियां हो रही तैयार, सितंबर में होगी शुरुआत

चिडिय़ाघर में बटर फ्लाई जोन तैयार हो रहा है। सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं। अब सिर्फ इसके शुभारंभ का इंतजार है। ब्रिडिंग सेंटर भी बनाया गया है। यहीं पर तितलियां भी तैयार हो रही हैं। तितलियां पर्याप्त संख्या में होते ही इसकी शुरुआत कर दी जाएगी। सितंबर के पहले सप्ताह में शुभारंभ की तैयारी है।

चिडिय़ाघर में बटर फ्लाई जोन तैयार, तितलियां हो रही तैयार, सितंबर में होगी शुरुआत
zoo file photo

REWA। मार्तण्ड सिंह जूदेव चिडिय़ाघर को शुरू हुए कई साल गुजर गए हैं। यहां पर्यटकों को लुभाने और घूमने के लिए पर्याप्त वन्यजीव मौजूद हैं। सफेद बाघ आकर्षण का केन्द्र हैं। इन्हें देखने के लिए देश विदेश से भी पर्यटक पहुंच रहे हैं। वर्तमान में चिडिय़ाघर नए वन्यजीवों को अलग अलग राज्यों से लाने में प्रयास में जुटा है। जब तक नए वन्यजीव पर्यटकों को देखने के लिए नहीं मिल जाते। तब तक उनके लिए और भी मनमोहक व्यवस्था बनाई जा रही है। चिडिय़ाघर में एक बाड़ा तितलियों से भरा रहेेगा। यह बाड़ा बटर फ्लाई जोन के नाम से जाना जाएगा। यह बाड़ा बनकर तैयार हो चुका है। अब सिर्फ तितलियों को जुटाया जा रहा है। तितलियों की संख्या बढऩे के साथ ही इसका शुभारंभ भी कर दिया जाएगा। सितंबर के पहले सप्ताह में इसके शुभारंभ की तैयारी है। 15 अगस्त को पहले इसके शुभारंभ का दिन तय किया गया था लेकिन तय समय पर शुरुआत नहीं हो पाई। अब सितंबर में इसे शुरू किया जाएगा।
यहीं तैयार होंगी तितलियां
बटर फ्लाई जोन के लिए कहीं बाहर से तितलियां लाने की जरूरत नहीं होगी। चिडिय़ाघर में ही तितलियां तैयार की जाएंगी। चिडिय़ाघर में बटर फ्लाई ब्रिडिंग सेंटर भी तैयार किया गया है। यहीं पर बटर फ्लाई तैयार होंगी और उन्हें जोन में छोड़ा जाएगा। बटर फ्लाई जोन को तितलियों के अनुकूल बनाया गया है। यहां वह सारी चीजें तैयार की गई हैं जो तितलियों को आकर्षित करेंगी।
करीब 40 बाड़े बनने हैं
मार्तण्ड सिंह जूदेव चिडिय़ाघर का निर्माण करीब 100 करोड़ से लागत से किया जाएगा। स्टेप बाय स्टेप बजट मिलने के साथ ही बाड़ों का निर्माण आगे बढ़ रहा है। अब तक करीब 30 बाड़े तैयार हो चुके हैं। कुछ बन भी रहे हैं। इसके अलावा कई बजट मिलने के बाद बनेंगे। इसमें स्केन बाड़ा भी शामिल हैं। मगरमच्छों के लिए तालाब भी बनाया जा चुका है।