उपचुनाव परिणाम: भाजपा को 3 सीट, कांग्रेस, टीएमसी, सपा, झामुमो को एक-एक

छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उप-चुनाव के नतीजे शुक्रवार को आ गए। विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ने गठन के बाद पहले चुनाव में 'एनडीएÓ को नुकसान पहुंचाया। हालांकि सीटों के मामले में दोनों गठबंधन बराबरी पर रहे। उत्तर प्रदेश में पूरी ताकत लगाने के बाद सत्ताधारी भाजपा को घोसी सीट पर हार मिली।

उपचुनाव परिणाम: भाजपा को 3 सीट, कांग्रेस, टीएमसी, सपा, झामुमो को एक-एक
file photo


नई दिल्ली।  उत्तराखंड में भाजपा किसी तरह अपनी सीट बरकरार रखने में कामयाब रही। हालांकि त्रिपुरा में भाजपा ने लेफ्ट के एक और किले में सेंध लगा दी, लेकिन बंगाल में ममता ने भाजपा की सीट छीन ली। केरल में सहानभूति लहर पर सवार कांग्रेस ने अपनी सीट बरकार रखी, तो झारखंड में इंडिया और एनडीए के बीच रोचक लड़ाई में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने 'इंडियाÓ के लिए जीत दर्ज की। उपचुनाव में भाजपा, कांग्रेस और टीएमसी समेत सपा को एक एक सीट पर जीत मिली है।
न नफा, न नुकसान
जिन सात सीटों पर उप-चुनाव हुए उनमें से तीन भाजपा, एक-एक सीट सपा, कांग्रेस, माकपा और जेएमएम के पास थीं। नतीजों के बाद इनमें से एक सीट भाजपा ने माकपा से छीन ली। वहीं, भाजपा की एक सीट टीएमसी ने छीन ली। इस तरह नतीजों के बाद भाजपा का कुल तीन सीटों पर कब्जा बरकार रहा। सपा, कांग्रेस और जेएमएम अपनी-अपनी सीटें बरकरार रखने में सफल रहे। जबकि, टीएमसी को एक सीट का फायदा और माकपा को एक सीट का नुकसान हुआ।
 घोसी : दारा सिंह की हार
उत्तर प्रदेश की घोसी सीट पर समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को हराया। दारा सिंह चौहान 2022 में इस सीट से सपा के टिकट पर जीते थे। उन्होंने विधायकी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थामा था। इसके बाद हुए उप-चुनाव में भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार बनाया।  
त्रिपुरा: भाजपा और मजबूत 
त्रिपुरा की बोक्सानगर और धनपुर दोनों सीटें सत्ताधारी भाजपा जीतने में सफल रही। बोक्सानगर भाजपा ने माकपा से छीनी। यहां माकपा के मिजान हुसैन कांग्रेस के समर्थन के बाद भी भाजपा के तफज्जुल हुसैन  से 31, 237 मतों से हार गए। वाम दलों का मजबूत गढ़ रही धनपुर सीट भाजपा के बिंदू देबनाथ ने माकपा के कौशिक देबनाथ को हराकर जीत ली।
प. बंगाल : टीएमसी ने छीनी भाजपा से सीट
पश्चिम बंगाल की धुपगुड़ी विधानसभा सीट पर टीएमसी के निर्मल चंद्र रॉय ने भाजपा की तापसी रॉय को  4,313 वोट से हराया। यह सीट टीएमसी ने दो साल बाद एक बार फिर से भाजपा से छीनी ली। भाजपा प्रत्याशी ईश्वर चंद्र रॉय जमानत भी नहीं बचा सके।
डुमरी : झामुमो ने आजसू को दी मात
झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा की बेबी देवी जीतने में सफल रहीं। उन्होंने एनडीए उम्मीदवार आजसू की यशोदा देवी को हराया। डुमरी सीट पर शुरुआती चरणों में कभी जेएमएम तो कभी आजसू को बढ़त मिलती रही। जेएमएम की बेबीदेवी ने आजसू की यशोदा देवी को 17,153 से मात दी।
बागेश्वर: भाजपा का कब्जा बरकरार
उत्तराखंड की बागेश्वर (एससी) सीट पर भाजपा ने अपना कब्जा बरकार रखा है। यहां से चंदन राम दास की पत्नी पार्वती दास विजयी रहीं। उन्होंने कांग्रेस के बसंत कुमार को 2,405 वोट से हराया।
केरल: पुथुपल्ली सीट कांग्रेस के पास ही रही
केरल की पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी के बेटे चांडी ओमान जीत गए हैं। उन्होंने माकपा के जैक सी थॉमस को 37,719 वोट से हराया। यह सीट पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी के निधन के बाद रिक्त हुई थी।