गिद्धों की तलाश में जंगल की खाक छानने निकले सीसीएफ और डीएफओ, 266 ही ढूंढ़ पाए

गिद्धों की गणना शुक्रवार से शुरू हो गई। पहले दिन घना कोहरा के कारण कम गिद्ध नजर आए। इनकी तलाश में सुबह 6.30 बजे से ही वनकर्मी फील्ड में निकल गए थे। डीएफओ और सीसीएफ ने भी गणना में साथ दिया। 266 गिद्ध पहले दिन मिले। अभी दो दिनेां तक और गणना की जानी शेष है।

गिद्धों की तलाश में जंगल की खाक छानने निकले सीसीएफ और डीएफओ, 266 ही ढूंढ़ पाए

रीवा। गिद्ध विलुप्त होते जा रहे हैं। विलुप्त होते गिद्धों को बचाने के लिए इनके संरक्षण को लेकर वन विभाग ने अभियान चलाया। अब इनकी संख्या तेजी से बढ़ रही है। गिद्धों पर नजर रखने के लिए ही इनकी प्रदेशभर में एक साथ गणना भी कराई जाती है। इस मर्तबा भी गणना की जा रही है। इसके लिए प्रदेशभर से आदेश जारी किए गए। तीन दिनों तक गणना की जाएगी। इसकी शुरुआत शुक्रवार से की गई है। सुबह 6.30 बजे ही सभी वनकर्मी गिद्धों की जानकारी जुटाने के लिए मैदान में निकल पड़े थे। सभी को गिद्धों की बैठी हुई या फिर उनके आवास में बैठे हुए की फोटो भी लेनी थी। सेमरिया, अतरैला, डभौरा, रीवा, सिरमौर में संकलनकर्ताओं ने गिद्धों की तलाश की। पहले दिन सिर्फ 266 गिद्ध ही मिले। सुबह मौसम काफी खराब रहा। कोहरे के कारण कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। इसके कारण गणना में भी दिक्कतें आईं। यही वजह है कि पहले दिन गिद्धों की संख्या कम ही रही। उम्मीद है कि आने वाले दो दिनों में मौसम वन विभाग का साथ देगा और संख्या में इजाफा होगा।
इन संकलनकर्ताओं ने खोजे गिद्ध
सेमरिया में पूर्व उत्तरी बीट से संतोष कुमार चौधरी, पूर्वा दक्षिणी से कमलेन्द्र सिंह, पूर्वा उत्तरी से रामलखन रावत और रामसागर शुक्ला, बम्हनी से संतोष कुमार शुक्ला, जदुआ से दिनेश कुमार, पियावन से पुष्पेन्द्र शुक्ला, पूर्वाफाल से श्यामलाल कोल ने जानकारी जुटाई। इसी तरह अतरैला के ओवरी दक्षिणी बीट में कृष्णकांत दाहिया, डभौरा के खाझा बीट से मनीष पटेल, डभौरा उत्तरी से छत्रपाल मिश्रा, रीवा के महाडांडी से राजमणि शुक्ला, सहिजना से राजेन्द्र साकेत, हनुमना के मुनहाई से विजयधर द्विवेदी, पूर्वी बिल्लीघाट से रामलाल बैगा, सिरमौर से राजगढ़ से मनोज कुमार पटेल, चचाई से रमेश कुमार गौतम, सरई से रामयश रावत शामिल रहे।
कहां कितने गिद्ध मिले
वन परिक्षेत्र    गिद्धों की संख्या
सेमरिया        151
डभौरा        30
रीवा        30
हनुमना        25
अतरैला        15
सिरमौर        15
योग        266
--------------
गिद्ध की प्रजाति के अनुसार
प्रजाति        संख्या
इंडियन, देशी    235
इंजिप्शियन गिद्ध    14
व्हाइट बैक्ड गिद्ध    09
सिनेरियस गिद्ध    08
योग        266