मुख्यमंत्री ने डभौरा में कहा कांग्रेस की किस्मत खराब, पाप नहीं धोना चाहती, बोर में फंसे बच्चे के लिए कही यह बात

कांग्रेस ने आजादी के बाद 70 से अधिक वर्षों तक देश में राज किया लेकिन भगवान श्रीराम को गर्भगृह में प्रवेश न कराने का उसके माथे पर कलंक है। कांग्रेस ने पाप किया है। भगवान श्रीराम का आमंत्रण स्वीकार कर वह अपना कलंक धो सकती थी लेकिन उसकी किस्मत ही खराब है। आमंत्रण ठुकरा का फिर पाप किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम व भगवान श्रीकृष्ण हमारे आदर्श हैं। प्रदेश में जहां-जहां उनके चरण पड़े हैं वहां-वहां तीर्थ स्थल बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार गरीबों मजदूरों की हिमायती है।

मुख्यमंत्री ने डभौरा में कहा कांग्रेस की किस्मत खराब, पाप नहीं धोना चाहती, बोर में फंसे बच्चे के लिए कही यह बात

REWA. उक्त बातें सीएम मुख्यमंत्री मोहन यादव ने डभौरा में भाजपा प्रत्याशी जनार्दन मिश्रा के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में कही। प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश-प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद गरीबों, आदिवासियों को पक्के मकान बनाकर नहीं दिए। लेकिन हमारी सरकार ने यह काम किया है। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भगवान श्रीराम के जीवन की सीख भी दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण का जीवन हमें जीने की कला सिखाता है। भगवान श्रीराम एक आदर्श बेटे, आदर्श पति, आदर्श भाई और आदर्श स्वामी के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने भी कठिन से कठिन दौर देखे। जब वे 14 वर्षों के लिए अयोध्या से निकले तो उनके लिए सबसे अच्छा समय इस विंध्य की धरती पर ही रहा। चित्रकूट सहित विंध्य की धरती पर वे लंबे समय तक रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी भाजपा सरकार ने निर्णय लिया है कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के मध्यप्रदेश में जहां-जहां चरण पड़े, जहां-जहां उनकी लीलाएं हुईं, उन प्रत्येक स्थान को तीर्थ के रूप में विकसित करेंगे।
कांग्रेस ने हमेशा श्रीराम के लिए अड़ंगा लगाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने भगवान श्रीराम के मामले में हमेशा से अड़ंगे लगाए। उन्होंने कोर्ट में भी भगवान श्रीराम के बारे में प्रश्नचिन्ह खड़े किए। अगर राम को गायब कर दोगे, तो शबरी माता का किस्सा कहां से आएगा? कांग्रेस ने हमारे देवी-देवताओं को नकारने का काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप हमारे भगवान का अपमान करोगे और फिर हमसे वोट की कामना करोग, ये दोनों बातें नहीं चलेगी। इस पाप के लिए कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष माफी मांगे कि हमने भगवान श्रीराम का निमंत्रण ठुकराकर गलती की थी।
मनिका घटना को लेकर जताया दुख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनसभा से पहले कहा कि रीवा जिले में एक दुखद घटना हो गई है। यहां पर एक आदिवासी बालक बोर में गिर गया। इसके लिए कलेक्टर-एसपी को निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन बचाव कार्य में जुटा हुआ है, लेकिन सभी मिलकर ईश्वर से बालक के लिए प्रार्थना करें। बारिश होने के कारण बचाव कार्य में भी परेशानियां आ रही हैं, लेकिन फिर भी जिला प्रशासन पूरी तन्मयता के साथ जुटा हुआ है। मैं भी लगातार कलेक्टर-एसपी से संपर्क में हूं।


ये ईमानदार और बेईमानों के बीच का चुनाव है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह चुनाव ईमानदार और बेईमानों के बीच का चुनाव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ईमानदारी से काम कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने बेईमानों को उनके स्थानों पर पहुंचा दिया। अब कोई बेईमान जेल में है तो कोई जमानत पर बाहर हैं। अब सभी बेईमान एक साथ हो गए हैं। कोई ऐसा नेता बता दो जो भ्रष्टाचारी है और उस पर मुकदमा नहीं चल रहा हो। चाहे सोनिया गांधी हों, राहुल गांधी हों, प्रियंका गांधी हों, लालू प्रसाद यादव सहित कई अन्य नेता तो जमानत पर बाहर हैं और अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्री तो जेल में ही हैं। यह धन से ज्यादा नैतिकता का चुनाव है। ईमानदार और बेईमानों के बीच का चुनाव है। उन्होंने रीवा के अपने दोहरे रिश्ते की बात का भी जिक्र किया।
मोदी जी से परेशान है पाकिस्तान: राजेंद्र शुक्ल 
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इस अवसर पर कहा कि आज पाकिस्तान मोदी सरकार से परेशान है। दुनिया के वो सारे देश के जो भारत के प्रति अच्छी भावना नहीं रखते, वह सभी परेशान हैं। इस बार पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक की जनता नारे लगा रही है कि अबकी बार 400 पार, भाजपा सरकार। इस अंचल में कांग्रेस का झण्डा पकडऩे वाला कोई नहीं बचा है। बहुजन समाज पार्टी का सफाया हो चुका है। पूरा अंचल भाजपा मय हो गया है। इस बार सिरमौर विधानसभा से बड़ी बढ़त भाजपा को मिलेगी। क्योंकि कांग्रेस और बसपा के नेता भाजपा में आ चुके हंै। सिरमौर से एक लाख वोटों से जीताने का संकल्प दिव्यराज सिंह ने व्यक्त किया है।
मैं छल-प्रपंच से दूर सिर्फ सेवा जानता हूं: जनार्दन
भाजपा लोकसभा प्रत्याशी सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि वह छल-प्रपंच नहीं सिर्फ सेवा जानता हूं। बताया कि डभौरा रेलवे स्टेशन के कायाकल्प के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत करा दिये हैं। जिसका काम जल्द शुरू होगा। कोरोना काल में बंद हुई सभी ट्रेनें पुन: चालू हो गई हैं। इसके साथ मोदी सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को गिनाया। उन्होंने यहां भी दोहराया कि वह जनता की पैरों की धूल को सिर में रखकर सांसदी चलाई है। जनसभा की शुरूआत करते हुए सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह ने कहा कि डभौरा अंचल बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की कर्मभूमि रही है। यह क्षेत्र हर दृष्टि से राष्ट्रप्रेमी और राष्ट्रहितैषी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से हर खेत में नहर का पानी पहुंचा कर आदिवासी बाहुल्य इस अंचल के सपनों का साकार करें। सभा को रीवा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, मऊगंज जिलाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मिश्रा, महाबली गौतम, प्रज्ञा त्रिपाठी सहित नेताओं ने सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन लोकसभा प्रभारी रामलाल रौतेल ने किया। कार्यक्रम में विधायक इंजी. नरेन्द्र प्रजापति, जिपं अध्यक्ष नीता कोल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अनिल पटेल, कुंवर पुष्पेन्द्र सिंह, संजय द्विवेदी, आनंद सिंह, रविराज विश्वकर्मा, रीना साकेत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा नेता और उपस्थित रहे।
सैकड़ों लोगों ने ली भाजपा की सदस्यता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के हाथों डभौरा में पूर्व विधायक राजकुमार उर्मिलिया के साथ सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। जवा के पूर्व जनपद अध्यक्ष नाथूलाल आदिवासी, पूर्व जनपद अध्यक्ष पार्वती आदिवासी, रमाकांत दुबे, शेष दुबे, कृष्ण कुमार मिश्रा सहित कांग्रेस और बसपा को छोड़कर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने डॉ रामसखा वर्मा की तारीफ भी की। सभा में जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा, पूर्णिमा तिवारी, डॉ. रामसखा वर्मा, राजेश पाण्डेय सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।