कांग्रेस को हिंदुओं के चिन्हों से नफरत है, अब दूरदर्शन के लोगो का रंग भगवा हो गया तो उस पर भी आपत्ति: सीएम डा मोहन यादव

हमारे देश के साधु-संत भगवा पहनते हैं। वे संस्कृति की रक्षा करते हैं। भाजपा भी हमेशा से भगवा की पक्षधर रही है। अब दूरदर्शन के लोगों में भगवा रंग हो गया तो कांग्रेस के लोग उस पर भी आपत्ति उठा रहे हैं। हिन्दुओं के चिन्हों से कांग्रेस को हमेशा से नफरत रही है। वर्षों तक हमारे देश पर राज करने वाले अंग्रेजों ने भी जो पाप और काम नहीं किए उन कामों को करने का पाप कांग्रेस पार्टी ने किया है।

कांग्रेस को हिंदुओं के चिन्हों से नफरत है, अब दूरदर्शन के लोगो का रंग भगवा हो गया तो उस पर भी आपत्ति: सीएम डा मोहन यादव
सीएम डाक्टर मोहन यादव

हिन्दुओं के चिन्हों से कांग्रेस को नफरत है

जो काम अंग्रेजों ने भी नहीं किया वह पाप कांग्रेस ने किया : डॉ. मोहन यादव

रीवा। 500 साल से बाहर बैठे भगवान श्रीराम को 70 सालों तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस पार्टी मंदिर में विराजमान नहीं करवा सकी। हम सौभाग्यशाली हैं कि हम उस देश में रह रहे हैं, जहां गीता, गंगा और गौ माता को पूजा जाता है और उनके कारण ही दुनिया में भारत की संस्कृति जीवित है, हमेशा पूजती रही और अब उस संस्कृति एवं भारत माता की आन, शान बान को बचाने के लिए उनके पीछे 56 इंच का सीने लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी खड़े हैं। यह चुनाव भारत को दुनिया का नंबर वन देश और मध्यप्रदेश को नंबर एक का प्रदेश बनाने के लिए है। यह बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जनार्दन मिश्रा के समर्थन में सेमरिया विधानसभा में कही। 

कदम-कदम पर कांग्रेस ने अड़ंगे लगाए

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग हमारे अपने देश को लजाने का काम करते हैं और वोट मांगने सबके पास जाते हैं। ये नादान कांग्रेस के लोग थे, जिन्होंने भगवान श्रीराम के आमंत्रण को भी ठुकराया। वे अयोध्या में दर्शन करने अंदर नहीं आए। भगवान श्रीराम 500 वर्षों तक खुले आसमान के नीचे बैठे रहे और कांग्रेस पार्टी ने 70 सालों तक देश पर राज किया, लेकिन ये भगवान श्रीराम को मंदिर में विराजमान नहीं करवा पाए। कांग्रेस को जितना हिंदू समाज और मुस्लिम समाज को परेशान करना था कर लिया। वे भगवा का भी अपमान करते हैं। ये केवल भगवा का अपमान नहीं, यहां के देशभक्त मुसलमान को भी हिंदू-मुसलमान में लड़ाने का प्रयास करते हैं। श्रीराम मंदिर को लेकर देश में जब-जब दंगे हुए। कांग्रेस की सरकार में दंगे हुए। कश्मीर के अंदर 40 हजार से अधिक लोगों की हत्या हो चुकी है। ये हत्या का कलंक कांग्रेस के माथे पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस के अतीत को देखेंगे तो बनारस हिंदू विश्वविद्यालय किसी ने स्थापित किया तो तत्कालीन कांग्रेस के अध्यक्ष पंडित मदन मोहन मालवीय ने स्थापित किया था। बाल गंगाधर तिलक भी कांग्रेस के अध्यक्ष रहे, उन्होंने जगह-जगह भगवान गणेशजी के लिए गणेश उत्सव की स्थापना कर दी और वर्तमान कांग्रेस तो सनातन धर्म को ही बदनाम करने में जुटी हुई है।

कांग्रेस के पास सोच और लीडरशिप दोनों का अभाव है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 1857 की लड़ाई हिंदू-मुस्लिम दोनों ने मिलकर लड़ी, लेकिन अंग्रेजों ने फूट डालने का बीज डाला। धीरे-धीरे कांग्रेस ने अपनी गलतियों को याद करने के बजाय देश को ऐसे मुकाम पर लाकर छोड़ दिया है, जहां लीडरशिप का अभाव है, सोच का अभाव है। उन्होंने कहा कि बंद पड़ी बस को अगर चालू करना है तो समझदार लोग पीछे से धक्का लगाएंगे और ड्राइवर साहब खटर-पटर करेंगे। हो सकता है बस चालू हो जाए, लेकिन कांग्रेस की बस ऐसे खड़ी है कि जिसमें डीजल-पेट्रोल तो था। धक्का 4 आगे से लगा रहे हैं और 4 पीछे से। उनको समझ में नहीं आ रहा, बस चलेगी कैसे..? ये नादान की दोस्ती जी का जंजाल है।

यह चुनाव देश और प्रदेश को नंबर एक बनाने का है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि एक व्यक्ति जिसका स्वयं का मकान नहीं है, लेकिन देश के 4 करोड लोगों को पक्के मकान दे चुका है। जिनके मकान कच्चे हैं उन सभी के मकान पक्के बनेंगे। 5 लाख रूपए तक का इलाज निःशुल्क कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदीजी की सरकार में कोई बीमारी से नहीं मरेगा। ये चुनाव भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने के लिए और मध्य प्रदेश को नंबर एक का प्रदेश बनाने के लिए है।

सुचितापूर्ण राजनीति के प्रतीक हैं जनार्दन मिश्रा : राजेन्द्र शुक्ल

सेमरिया अंचल यमुना प्रसाद शास्त्री की कर्म भूमि रही है। जो सुचिता की राजनीति के लिए जाने जाते थे। सांसद जनार्दन जी उनके प्रिय शिष्य थे, जिन्होंने सुचिता की राजनीति को आगे बढ़ाने का काम किया है। हमारे सांसद जी आज भी शास्त्री जी की लाठी को लेकर चल रहे हैं। 17 वर्ष की उम्र में वह मीसा बंदी थे। 19 माह तक जेल में रहे। सेमरिया क्षेत्र बसामन मामा की धरती है। यहां पर उछल-कूद करने वालों को जनता वोट नहीं देगी। मोदी जी ने 10 वर्षो में ऐतिहासिक और उलझे हुए मामलों को सुलझाने का काम किया है। ऐसे मुद्दे जो देश के लिए घातक थे और लोग मानते थे कि इनका समाधान कभी नहीं होगा, उसे भाजपा ने सहजता से सुलझाने का काम किया है। गरीब कल्याण से लेकर देश के उत्थान और विकास के जो काम हुए हैं, वो हम सबको गौरवान्वित करते हैं। यह चुनाव देश को विश्व गुरू के स्थान पर ले जाने का है, जिसे हम साकार मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर करेंगे। 

नेता नहीं सेमरिया वालों का पारिवारिक सदस्य हूं : जनार्दन मिश्रा

जनसभा में बोलते हुए रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने उपस्थित जनों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि मैं नेता नहीं आप सबका बेटा और काका हूं। आपके परिवार का सदस्य हूं। मैं एक साधारण किसान का बेटा हूं। हमारे पिता जी हमें छोटी सी नौकरी करवाने की चाह रखते थे, लेकिन आप सबके आशिर्वाद ने हमें दो बार सांसद बना दिया, यह तीसरी बार है जब पार्टी ने मुझे आपके सबके बीच उतारा है। हम जैसे भी हैं, आपके अपने हैं। आप पुनः हमें आशिर्वाद दें। जिससे रीवा एक आदर्श लोकसभा क्षेत्र बन सके। आप सबने कांग्रेस का जमाना तो अच्छे से देखा है। जब सड़के नहीं हुआ करती थी, न बिजली, न पानी, घनघोर अंधेरा रहता था। 2003 के बाद से विकास की हवा चली जो आप सबके आशिर्वाद से निरंतर जारी है। आप सबने हम पर और हमारी पार्टी पर जो विश्वास किया है, उसमें हम खरे उतरे हैं। हमारे रीवा से पहले 5 ट्रेनें चलती थी, आज रीवा से 15 ट्रेनों के साथ वंदे भारत जैसी ट्रेन चल रही है। रीवा में सुन्दर हवाई अड्डा बनकर तैयार है। जिसमें आप कम कीमत में यात्रा कर सकेंगे। जो लाडली बहनें छूट गई है, उन्हें भी योजना से जोड़ा जाएगा। भाजपा सरकार, गरीब, गांव, शहर का विकास किया है। सांसदी को आपके पास रखकर ही हमने सेवा की है। आपने कभी नहीं सुना होगा कि सांसद बनते ही हमारे तेवर बदल गये हैं। आगे सांसद जी ने कहा कि इस बार इतने मतों से हमें जिताएं कि पैकारों के चेहरे की हवाईयां उड़ जाएं।

स्वागत भाषण पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी ने दिया। कार्यक्रम का संचालन लोकसभा प्रभारी रामलाल रौतेल द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ विधायक नागेन्द्र सिंह, दिव्यराज सिंह, प्रदीप पटेल, सिद्धार्थ तिवारी, इंजी. नरेन्द्र प्रजापति, जिलाध्यक्ष रीवा डॉ. अजय सिंह, मउगंज जिलाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मिश्रा, राम सिंह, महाबली गौतम, रमेश गर्ग, विमलेश मिश्रा, संजय द्विवेदी, हरिप्रकाश कुशवाहा,जिपं अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, प्रदेश मंत्री राजेश पाण्डेय, वीरेन्द्र गुप्ता, पूर्व सांसद देवराज सिंह सहित हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।