ठेकेदार नहीं चलाएंगे शराब दुकान, सब इस बात से हैं नाराज इसलिए नहीं डाले ईटेंडर फार्म

रीवा की शराब दुकानों को ठेकेदार मिलना मुश्किल हो गया है। आबकारी अधिकारी ठेकेदारों को मनाने में फेल हो गए हैं। ईटेंडर में भी एक भी फार्म नहीं आए। अधिकारी खाली हाथ बैठे रह गए। आबकारी विभाग और ठेकेदारों में वार्षिक आय में की गई वृद्धि को लेकर ठन गई है। जब तक इसमें समझौता नहीं होगा तब तक बात भी नहीं बन पाएगी।

ठेकेदार नहीं चलाएंगे शराब दुकान, सब इस बात से हैं नाराज इसलिए नहीं डाले ईटेंडर फार्म
file photo

4 मार्च को खुलाना था ईटेंडर फार्म, एक भी फार्म नहीं पड़े
अब 11 को फिर आबकारी आजमाएगा चांस
रीवा। ज्ञात हो कि इस मर्तबा आबकारी विभाग ने शराब दुकानों के वार्षिक मूल्य में 15 फीसदी राशि की बढ़ोत्तरी कर दी है। ऐसे में यह राशि उम्मीद से कहीं ज्यादा पहुंच गई है। इतनी महंगी दरों पर ठेकेदार शराब दुकानें चलाने के लिए तैयार नहीं हैं। वहीं सरकार और आबकारी विभाग वार्षिक मूल्य से किसी तरह का समझौता भी नहीं कर रही है। यही वजह है कि अब ठेेकेदार भी लामबंद हो गए हैं। ठेकेदारों के बीच में फूल डालने और शराब दुकानों को महंगी दरों पर ही उठाने के लिए एक रणनीति बनाई गई। वह भी काम नहीं आई। कई शराब दुकानों को मिलाकर एक समूह बनाया गया। 77 दुकानों को 8 समूहों में बदला गया लेकिन यह भी रणनीति काम नहीं आई। इसमें भी आबकारी विभाग फेल हो गया। नवीनीकरण और लॉटरी से दुकानों को रिन्यू कराने की कोशिश की गई। तब सिर्फ दो ठेेकेदारों ने फार्म डाला। अब ईटेंडर में वह भी किनारे हो गए हैं। एक भी फार्म नहीं पड़े। इस फेल्युअर का सारा ठीकरा अब जिला आबकारी अधिकारी पर फूटता दिख रहा है। जिला आबकारी अधिकारी शुरू से ही विवादों में रहे हैं। अब उनकी रणनीति भी फेल होने लगी है। अब 11 मार्च को फिर से ईटेंडर खोला जाएगा।
8 समूह और आरक्षित वार्षिक मूल्य (राशि रुपए में)
समूह का नाम  2023-24 का मूल्य   2024-25 का मूल्य
समान समूह          694725604        798934452
झिरिया समूह        688240016        791476022
टीपी नगर            426164716        490089427
सेमरिया समूह        424937767        488678444
मनगवां समूह        330356155        379909584
डभौरा समूह          144599887        166289877
चाकघाट              136850942        157378588
मऊगंज समूह        510592779        587181709
योग                     3356467866        3859938103
---------------------       
इस तरह से बनाए गए थे 8 समूह
समान समूह में समान नाका- रतहरा, पीटीएस चौराहा, बिछिया, रायपुर कर्चुलियान क्रमांक 1, रायपुर कर्चुलियान क्रमांक 2 और रामनई, गुढ़ क्रमांक 1 गुढ़ क्रमांक 2 और महसांव को शामिल किया गया है। इसी तरह ग्रुप दो झिरिया समूह में में झिरिया, जयस्तंभ, सिरमौर चौराहा और उर्रहट, अमहिया और कॉलेज चौराहा, इटौरा और बोदाबाग, सगरा शामिल किया गया है। समूह 3 टीपी नगर समूह में ट्रंासपोर्ट नगर, करहिया मंडी, निपनिया, छिजवार, बनकुइयां, गोविंदगढ़ क्रमांक1 और गोविंदगढ़ क्रमांक 2, टीकर को शामिल किया गया है। समूह क्रमांक 4 सेमरिया समूह में सेमरिया 1, सेमरिया 2, बीड़ा, सिरमौर क्रमांक 1, सिरमौर क्रमांक 2, लालगांव, बैकुंठपुर मझियार और बरौं शामिल हैं। इसी तरह मनगवां समूह में मनगवां, मनगवां बस्ती,  रघुनाथगंज, गढ़, पहरखा, गंगेव, मनिकवार, पुर्वा, दुआरी को शामिल किया गया था।  6ठवां समूह डभौरा समूह है। इसमें डभौरा, पनवार, रामबाग, चौखंडी, पटेहरा, अतरैला, बरौली, मदिरा दुकान शामिल हैं। 7 वां समूह चाकघाट समूह बनाया गया है। इसमें चाकघाट कोरांव, रायपुर मोड़ चौराहा, कटरा, सोहागी, त्योंथर, चन्द्रपुर, चिल्ला, गढ़ी मदिरा दुकान शामिल हैं। आठवां समूह मऊगंज है। मऊगंज समूह में मऊगंज क्रमांक 1, मऊगंज क्रमांक 2, खटरखरी, बिछरहटा, देवतालाब क्रमांक 1, देवतालाब क्रमांक 2, खैरा, सीतापुर, हनुमना क्रमांक 1, हनुमना क्रमांक 2, मलैगवां, हाटा, नईगढ़ी क्रमांक 1, नईगढ़ी क्रमांक 2, पहाड़ी और शाहपुर शामिल किया गया है। कोई भी समूह ईटेंडर में नहीं गया।