एसजीमएच में 18 करोड़ की लागत से बनेगा क्रिटिकल केयर वार्ड, 50 बेड का होगा

संजय गांधी अस्पताल को एक और इन्फ्रास्ट्रक्चर की सौगात मिलने वाली है। जल्द ही परिसर में ही 18 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर वार्ड तैयार किया जाएगा। इसके निर्माण की शुरुआत जल्द होने वाली है। दिल्ली और भोपाल के इंजीनियर साइट विजिट कर लौट चुके हैं।

1.

रीवा।
ज्ञात हो कि कोविड के दौरान पूरे देश में हाहाकार मच गया है। अस्पतालों में दवाइयां और एमरजेंसी मेडिसिन, इक्यूपमेंट आदि की पोल खुल गई थी। अचानक आए कोविड ने सरकार को व्यवस्था बनाने का भी मौका नहीं दिया था। यही वजह है कि अब ऐसी वैश्विक बीमारियों से निपटने के लिए पहले से ही कमर कसी जा रही है। केन्द्र सरकार कोविड जैसी बीमारियों से निपटने के लिए अलग ही क्रिटिकल केयर वार्ड बनाने जा रहा है। यह वार्ड सभी जिलों में बनाया जाएगा। जहां जिला अस्पताल हैं उनके पास यह बनेंगे। जहां मेडिकल कॉलेज है, उन्हें इनसे जोड़ा जाएगा। रीवा श्याम शाह मेडिकल कॉलेज को भी यह सौगात मिली है। यह वार्ड 50 बिस्तरों का होगा और पीजी ब्वायज हास्टल के पास ही बनेगा। इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। दिल्ली और भोपाल से इंजीनियरों ने पहुंच कर साइट का विजिट भी कर लिया है। जगह फाइनल कर ली गई है।
50 बेड का होगा वार्ड
क्रिटिकल केयर वार्ड करीब 40 बाय 60 वर्ग मीटर एरिया में बनाया जाएगा। यह वार्ड सिंगल मंजिला का होगा। 50 बिस्तर का वार्ड तैयार किया जाएगा। इस वार्ड को सिर्फ क्रिटिकल केयर के मामलों में ही उपयोग किया जाएगा। यदि कोई कोविड जैसी गंभीर बीमारियां आती है तो इस वार्ड में मरीजों को भर्ती किया जाएगा। वर्ना अन्य समय में सामान्य वार्ड की तरह की इसका उपयोग होगा।

डॉक्टर और स्टॉफ अस्पताल का होगा
इस वार्ड के निर्माण का सारा खर्च केन्द्र सरकार उठाएगी। आयुष्मान योजना के तहत फंडिंग की जाएगी। केन्द्र इन्फ्रास्ट्रक्चर और इक्यूपमेंट उपलब्ध कराएगी। वहीं मेडिकल कॉलेज और संजय गांधी अस्पताल स्टाफ और डॉक्टर की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। इस वार्ड के निर्माण में करीब 18 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
--------------
क्रिटिकल केयर वार्ड का निर्माण किया जाना है। करीब 17 से 18 करोड़ की लागत से इसका निर्माण होना है। इन्फ्रास्ट्रक्चर और इक्यूपमेंट की राशि केन्द्र से आयुष्मान योजना से मिलेगी। इंजीनियर्स आए थे। साइट विजिट कर गए हैं। जगह फाइनल हो चुकी है।
रवि सिंह बघेल
सहायक प्रबंधक, एसजीएमएच रीवा