दबंगों ने ससुर, बहू और नाती पर किया हमला, एक की हालत गंभीर

रायपुर कर्चुलियान थाना अंतर्गत ब्यौहरा गांव में दबंगों ने मामूली विवाद में ससुर, नाती और बहू पर हमला कर दिया। लाठी, डंडों से पिटाई की। महिला का सिर फट गया। बुुजुर्ग को भी गंभीर चोट आई है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है। एक को गिरफ्तार भी किया गया है। तीन की तलाश जारी है।

दबंगों ने ससुर, बहू और नाती पर किया हमला, एक की हालत गंभीर
महिला पर हमला

रीवा। मिली जानकारी के अनुसार चन्द्रशेखर प्रसाद मिश्रा पिता शिवमूरत प्रसाद मिश्रा ग्राम ब्यौहरा थाना रायपुर कर्चुलियान जिला रीवा के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को बताया है कि गांव के रहने वाले प्रमोद पटेल अपने कर्ता वाले खेत में मेरे बोर से पानी लगाते हैं। जिससे प्रमोद पटेल का भाई अशोक पटेल एवं उसके घर वाले मुझसे और प्रमोद पटेल से रंजिस रखते हैं। 2 अगस्त 2023 को दोपहर करीब 12 बजे दिन अशोक पटेल को समझाने घर गए थे। अशोक पटेल, रामप्रगास पटेल, रामअनंदे पटेल, राजेश पटेल ने घर में मिले तो उनसे कहने लगा कि आपस में विवाद क्यों करते हो। इस बात पर सभी गाली गलौज करने लगे। गालीगलौज का विरोध किया गया। इस पर चारों ने लातघूसों से मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव करने उनकी बहू नीता मिश्रा और नाती शुभम मिश्रा गए। राजेश, रामअनंदे, अशोक और रामप्रगास ने उन पर भी हमला कर दिया। लाठी, डंडे से पिटाई की। हार पैर और सिर पर वार किया। इससे महिला के सिर पर गंभीर चोट आई। हल्ला मचा तो आसपास के लोग पहुंच गए। शंकर दयाल मिश्रा और अर्चना पटेल ने बचाव किया, तब जाकर जान बची। पीडि़तों को घर में छिपाया गया। नीता मिश्रा के सिर, बाये हाथ, पैर, पीठ, कमर में चोट आई है। सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसमें से नीता मिश्रा को गंभीर चोट आए हैं। उन्हें संजय गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया है। नीता मिश्रा के सिर पर कई टांके लगाए गए हैं। मारपीट मामले में पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 294, 323, 308, 324, 506 और 34 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। सूत्रों की मानें तो एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। तीन अभी भी फरार हैं।