सेमरिया में केपी की टिकट पर मंडराया खतरा तो अपनाया यह दांव

भाजपा में सह और मात का खेल चल रहा है। भले ही इसकी आवाज बाहर खुल कर सुनाई नहंी दे रही लेकिन खींचतान दिख रही है। सेमरिया में केपी त्रिपाठी के सामने अभय मिश्रा को लाकर नया बवाल खड़ा कर दिया गया है। अभय मिश्रा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस से पार्टी में लेकर आए। इनके आने से सेमरिया में टिकट पर खींचतान तय है। यह सारा ताना बाना रीवा विधायक पर वार करने से जुड़ा हुआ है। सेमरिया विधायक केपी त्रिपाठी को रीवा विधायक राजेन्द्र शुक्ला का खास माना जाता है। अभय के आने से केपी की टिकट पर खतरा मंडराने लगा है। यही वजह है कि इसका तोड़ निकालने मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री का बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ता सम्मेलन में बुलाया गया। हजारों की भीड़ जुटाई और शक्ति प्रदर्शन किया। अब देखना है कि अगला दावं पूर्व विधायक अभय क्या खेलते हैं। भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री का सेमरिया का जगह-जगह स्वागत किया गया। इसके साथ ही हजारों कार्यकर्ताओं की रैली भी निकाली गई।

सेमरिया में केपी की टिकट पर मंडराया खतरा तो अपनाया यह दांव
कार्यकर्ता सम्मेलन सेमरिया

कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, जुटाई हजारों की भीड़
कैलाश विजयवर्गीय ने जमकर की तारीफ
रीवा। सेमरिया पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने रीवा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद विंध्य का विकास हुआ है। पहले सतना से रीवा में आने में चार घंटे लग जाते थे। आज रीवा का चहुंमुखी विकास हुआ है। रीवा खिल रहा है और लोगों के चेहरों पर खुशी झलकती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने रीवा में विकास के लिए पूर्व मंत्री व रीवा विधायक राजेंद्र शुक्ल की सराहना की साथ ही सेमरिया विधायक केपी त्रिपाठी को तेज तर्रार नेता बताया। कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र से भी कांग्रेस के मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं लेकिन विकास के नाम पर यहां कुछ नहीं हुआ। विकास तो 2003 में भाजपा सरकार बनने के बाद हुआ है। देश का विकास भाजपा का सपना है। भले ही इस कार्यक्रम का नाम कार्यकर्ता सम्मेलन दिया गया हो लेकिन इस आयोजन की मंशा कुछ और ही थी। यह सब कुछ हाल ही में कांग्रेस से भाजपा में आए नेता को दिखाने पर ज्यादा फोकस रहा। इसमें सेमरिया विधायक ने खूब जोर लगाया। जमकर भीड़ जुटाई। नेताओं ने भी केपी की मंच से तारीफ की। राष्ट्रीय महामंत्री को यह भीड़ दिखाकर टिकट की दावेदारी पक्का करना चाह रहे हैं।
सांसद ने कांग्रेस को कोसा और सेमरिया विधायक की तारीफ की
इस अवसर पर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कमलनाथ की सरकार बनने पर कल्याण योजनाओं के 241236 लाभान्वितों में से 165236 के नाम काट दिए गए थे। कमलनाथ की कांग्रेस सरकार में भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त किया जाता था। उन्होंने इस दौरान विधायक सेमरिया केपी त्रिपाठी की जमकर तारीफ की। बाक्स
कार्यकर्ताओं के दिलों में राज करते हैं विजयवर्गीय: राजेन्द्र शुक्ल
पूर्व मंत्री एवं रीवा विधायक राजेंद्र शुक्ल ने कैलाश विजयवर्गीय की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय पूरे मध्यप्रदेश के लाखों कार्यकर्ताओं के दिलों में राज करते हैं। विजयवर्गीय जी को विपरित परिस्थितियों में पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाए जाने पर 3 सीटों से 75 सीटों पर जीत हासिल हुई है यह उनकी संगठन व राजनैतिक कुशलता है। इस  दौरान सेमरिया विधायक केपी त्रिपाठी ने भी कैलाश विजयवर्गीय की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इनके आने से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
सेमरिया क्षेत्र कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा: केपी त्रिपाठी 
सेमरिया विधायक केपी त्रिपाठी ने कहा कि विजयवर्गीय जी के आने से सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ। यही उत्साह आगामी चुनाव में प्रचण्ड बहुमत से जीत दिलाएगा। केपी त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी तथा राज्य में शिवराज सिंह चौहान के कुशल नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार द्वारा सेमरिया विधानसभा के पूरे क्षेत्र में चमचमाती हुई अच्छी सड़कों का जाल बिछाकर गांव से गांव को सड़कों के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। 15 महीने की कांग्रेस सरकार बन जाने पर विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का पाप किया गया था।  कोरोना और कांग्रेस सरकार के बावजूद भी सेमरिया विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बैजनाथ से लेकर ककरेड़ी तक तथा लौर तालाब से लेकर कौडि़हाई तक 400 करोड़ रुपए की सड़क बनवाई गई है। इस पर विधायक ने अपने कई कार्य गिनाए। केपी ने कहा कि समृद्धशाली, गौरवशाली, संपन्नशाली, वैभवशाली सेमरिया बनाने के लिए मेरा तन समर्पित, मन समर्पित और यह जीवन भी समर्पित है। भविष्य में हम सेमरिया के विकास की नई इबारत लिखेंगे। उन्होंने विजयवर्गीय की जमकर तारीफ की।