80 घंटे बाद नदी से मिला बच्चियों का शव, एक साथ जली तीन चिताएं

त्योंथर में पुल से मां अपनी दो बेटियों के साथ नदी में छलांग लगा दी थी। मां का शव पहले ही बरामद हो गया था। 80 घंटे बाद दोनों मासूमों का शव भी बरामद कर लिया गया। बेटियों के शव बरामद होने के बाद गांव में मातम पसर गया है। पुलि मामले की जांच कर रही है। तीनों शव का एक साथ गांव में अंतिम संस्कार किया गया।

80 घंटे बाद नदी से मिला बच्चियों का शव, एक साथ जली तीन चिताएं

रीवा। उल्लेखनीय है कि त्योंथर के राजापुर गांव में रहने वाली राधा देवी तिवारी पत्नी  उमाशंकर तिवारी 35 वर्ष अपनी बेटी सृष्टि तिवारी 7 वर्ष और मुन्नू तिवारी 4 माह के साथ 21 सितंबर की शाम से लापता थी। तभी पता चला कि महिला दोनों बेटियों क ेसाथ राजापुर में टमस पुल से नदी में छलांग लगा दी है। ऐसे में पुलिस ने शुक्रवार की सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान महिला का शव देर शाम बरामद कर लिया गया। जबकि दोनों बच्चियों का शव शनिवार की दोपहर मिला है। जिसे पोस्टमार्टम के लिये मर्चुरी भेजा गया। चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं इस घटना से क्षेत्र में मातम पसरा है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
8 किमी दूर मिला छोटी बेटी का शव
एसडीआरएफ की ओर से बताया गया कि रेस्क्यू अभियान दो दिन तक चला। इस दौरान बड़ी बच्ची का शव घटना स्थल से करीब 5 किमी दूर अंजोरा गांव से बरामद किया गया है। जबकि छोटी बच्ची का शव 8 किमी दूर बरुआ घाट में मिला है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब 40 घंटे का समय लगा।
एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
इस घटना के बाद से क्षेत्र में मातम पसरा था। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। शनिवार को महिला समेत उसकी दोनों बेटियों का अंतिम संस्कार एक ही स्थान पर एक साथ किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की आंखे नम थी। सभी के जेहन में एक ही सवाल था कि ऐसी क्या वजह थी कि महिला ने इतना बड़ा कदम उठाया, लेकिन इसका जबाव किसी के पास नहीं था।