4 दिन पहले घर से गायब किशोरी का मिला क्षत विक्षत शव, जानवर नोच खाए थे

जिले के तराई अंचल सोहागी थाना क्षेत्र के चैनपुरवा गांव में एक किशोरी का क्षत विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। किशोरी चार दिन पहले घर से अचानक लापता हुई थी। इसके बाद से उसका पता नहीं था। किशोरी के शरीर का ज्यादातर हिस्सा जंगली जानवरों ने नोच खाया था। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है ।

4 दिन पहले घर से गायब किशोरी का मिला क्षत विक्षत शव, जानवर नोच खाए थे
File photo

किशोरी का शव मिलने से मचा हड़कंप, हत्या की जताई जा रही आशंका

रीवा। बताया जा रहा है कि चैनपुरवा गांव की रहने वाली 19 वर्षीय किशोरी निशा देवी आदिवासी पुत्री सियाराम आदिवासी 20 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश किया, लेकिन जब किशोरी का पता नहीं चला तो शिकायत थाना पहुंच कर दर्ज कराई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू किया। इस बीच 24 अक्टूबर की सुबह किशोरी का शव घर से करीब 150 मीटर दूर स्थित एक खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। वहीं मर्ग कायम कर घटना की जांच पुलिस कर रही है।

एफएसएल टीम मौके पर पहुंची

घटना की गंभीरता को देखते हुये स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने एसपी विवेक सिंह को जानकारी दी। जिनके निर्देश पर जिला मुख्यालय से डॉ. आरपी शुक्ला के नेतृत्व में एफएसएल टीम को भेजा गया। टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुये शव का परीक्षण किया। मौके से भौतिक साक्ष्य एकत्रित कर पुलिस को सौंप दिया है, जिसके आधार पर पुलिस तफ्तीश कर रही है।

कपड़े के आधार पर हुई पहचान

स्थानीय लोगों ने बताया कि किशोरी का शव डिकम्पोज्ड होने लगा था। गले से ऊपर का हिस्सा जंगली जानवरों ने खा लिया था। जिसके चलते उसके चेहरे की पहचान नहीं हो पा रही थी। ऐसे में कपड़ों के आधार पर परिजनों ने किशोरी की पहचान निशा देवी के रूप में किया है। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त किया है। पुलिस अब हर पहलुओं के आधार पर जांच कर रही है।