शिवाजी पार्क का डिप्टी सीएम ने किया लोकार्पण और कांग्रेसियों ने फिर लगा दिया आरोप

वार्ड क्रमांक 15 में ईंट मंडी को हटाकर शिवाजी पार्क का निर्माण कराया गया। छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा स्थापित कराई गई। शनिवार को डिप्टी सीएम ने पार्क का लोकार्पण और प्रतिमा का अनावरण किया। इस कार्यक्रम के बाद कांग्रेस पार्षद और महापौर मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधूरे पार्क का लोकार्पण किए जाने का आरोप डिप्टी सीएम पर लगाया। वार्ड 15 की पार्षद नीतू अशोक पटेल ने पार्क के निर्माण का श्रेय ही महापौर को दे दिया। साथ उनका कहना है कि ईंट मंडी हटाने और पार्क के निर्माण कराने का काम महापौर किया लेकिन श्रेय डिप्टी सीएम ले रहे हैं। अब कांग्रेस के लोग आरोप जो भी लगाएं लेकिन हकीकत तो रीवा के लोगों को पता ही है।

शिवाजी पार्क का डिप्टी सीएम ने किया लोकार्पण और कांग्रेसियों ने फिर लगा दिया आरोप

उप मुख्यमंत्री ने  शिवाजी की प्रतिमा और शिवाजी पार्क का किया लोकार्पण
रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रतहरा तिराहे में स्थित नगर निगम द्वारा बनाए गए शिवाजी पार्क का लोकार्पण किया। उप मुख्यमंत्री ने पार्क में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का समारोह पूर्वक अनावरण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित होने से रीवा का मान बढ़ा है। यह स्थान कभी ईंट और रेत की मण्डी था। यहाँ चारो ओर गंदगी थी। अब यहाँ पर सुंदर पार्क बनाकर शौर्य और वीरता के प्रतीक महाराज शिवाजी की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। शिवाजी हमारे देश के गौरव के प्रतीक हैं। उनका शौर्य और बलिदान हमेशा याद किया जाएगा। रीवा तेजी से विकसित हो रहा है इसका प्रवेश द्वार अब अत्यंत आकर्षक हो गया है। सुंदर पार्क रीवा में प्रवेश करने वालों का स्वागत करेगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। वह दिन दूर नहीं जब भारत विश्वगुरू बनेगा। उप मुख्यमंत्री ने शिवाजी की प्रतिमा का निर्माण करने वाले रीवा के शिल्पकार देवेन्द्र बावनी की भूरि-भूरि प्रशंसा की।  समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि शिवाजी ने मुगलों से संघर्ष करके मराठा साम्राज्य स्थापित किया। शिवाजी देश के गौरव के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा स्थापित करके हम सबको गर्व का अनुभव हो रहा है। समारोह में नगर निगम के अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में आयुक्त नगर निगम संस्कृति जैन, अधीक्षण यंत्री शैलेन्द्र शुक्ला, पार्षदगण वीरेन्द्र गुप्ता, छत्रपति सिंह, राजेश पाण्डेय तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण एवं आमजन उपस्थित रहे।