उप मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

मार्तण्ड विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मशाल प्रज्जवलित कर एवं ध्वज आरोहित कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

उप मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

खेलों से सर्वांगीण व्यक्तित्व का विकास होता है: उप मुख्यमंत्री 
रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि खेलों से सर्वांगीण व्यक्तित्व का विकास होता है। खेलों के आयोजन समाज में सौहार्द पूर्ण वातावरण का निर्माण करते हैं। खेल ही ऐसी विधा है जिसमें हारने वाला भी जीतने वाले को बधाई देता है और जीतने वाला हारने वाले को आगे बढऩे के लिये प्रोत्साहित करता है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कहा कि सफलता का मूलमंत्र कड़ी मेहनत है। समय सीमा निश्चित कर विद्यार्थियों को पढ़ाई करते हुए खेल विधाओं में भी भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक विकास के साथ मानसिक विकास भी होता है। कबड्डी खेल हमारे देश में जमीन से जुड़ा खेल है जो गांव-गांव तक खेला जाता है।

उन्होंने गांवों में तथा विद्यालयों में खेल मैदान होने की बात कही ताकि बच्चे व गांववासी वहां खेल विधाओं में भाग ले सकें। उन्होंने युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने की समझाइश दी तथा कहा कि जो व्यक्ति नशे के आदी हैं उनका नशा छुड़वाने के लिये रीवा में स्थापित नशामुक्ति संकल्प केन्द्र में पहुंचाएं ताकि उन्हें नशे से दूर किया जा सके। इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि खेलों से हम संस्कारित, सुगठित होते हैं। खेल समाज में बुराई व आपसी मतभेद दूर करने में भी सहायक हैं। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में खेल की विभिन्न विधाओं में खिलाड़ी अपना परचम लहरा रहे हैं और अन्र्तराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा रहे हैं। शासन की प्रतिबद्धता है कि खेलों के माध्यम से ही नैतिक मापदण्डों को ऊंचाईयों तक ले जाया जा सकेगा। उन्होंने रीवा को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजवानी मिलने पर बधाई दी तथा इसके सफल आयोजन के लिये शुभकामनाएँ दी।


इससे पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सुदामा लाल गुप्ता  ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि पांच दिवसीय राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में कबड्डी प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। आयोजन में दस संभागों के 468 खिलाड़ी व ऑफिशियल्स भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति, विवेक दुबे, राजेश पाण्डेय, परमजीत सिंह डंग, राजगोपाल मिश्रा चारी, राजेश मिश्रा, वरुणेन्द्र प्रताप सिंह, आकांक्षा सोनी, रामनिवास जाट, देवेश वेद सहित अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक तथा विभिन्न संभागों से आये कोच, ऑफिशियल्स, रेफरी एवं छात्र-छात्राएँ व खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विवेक नामदेव ने किया।