देव दीपावली: 21 लाख दीयों से जगमगाई काशी

काशी में सोमवार को देव दीपावली पर 21 लाख दीये जलाए गए। शाम को जगह-जगह रंगोली बनाई गई। इसके बाद 80 घाटों और गंगा की रेती में दीये जलाए गए। इसके बाद दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा आरती हुई। लाइटिंग और 3 डी लेजर शो से आसमान रंग-बिरंगा हो गया।

देव दीपावली: 21 लाख  दीयों से जगमगाई काशी

वाराणसी। इसे देखने के लिए देशभर से करीब 10 लाख लोग मौजूद थे। इसके अलावा नमो घाट पर 70 देशों के राजदूत और 150 से ज्यादा विदेशी डेलीगेट्स भी मौजूद थे। विदेशी भक्त बम-बम बोल रही है काशी... जैसे गानों पर झूम रहे थे। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सभी 70 देशों के मेहमान देव दीपावली के अविस्मरणीय पलों के साक्षी बने। मेहमान दोपहर बाद एयरपोर्ट से नमो घाट आए। यहां से क्रूज़ पर सवार होकर देव दीपावली के भव्य नजारों को देखा। एयरपोर्ट समेत विभिन्न स्थानों पर लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। स्वागत के लिए रास्तों और चौराहों को सजाया गया. विदेशी मेहमान ने लेजऱ और क्रैकर शो का भी लुफ्त उठाया। क्रूज पर मेहमानों ने बनारसी खानपान और कुल्हड़ वाली चाय का भी आनंद लिया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने किया ट्वीट 

बाबा विश्वनाथ की पावन धरा काशी में लाखों दीये अपना दिव्य प्रकाश बिखेर रहे हैं। देव दीपावली पर यहां के घाटों का यह दृश्य अद्भुत, अलौकिक और अविस्मरणीय है। कई देशों के राजदूत भी इसके साक्षी बने। मैं इस पुण्य अवसर पर अपने सभी परिवारजनों के कल्याण की कामना करता हूं। 

पीएम नरेंद्र मोदी