जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: फिर अधिवक्ताओं ने राजेन्द्र को ही चुना, छठवीं बार जीते अध्यक्ष पद का चुनाव, प्रमाण पत्र दिया गया

जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव रोचक रहा। कई दावेदार मैदान में थे लेकिन छठवीं बार फिर से राजेन्द्र पाण्डेय ही अध्यक्ष पद के लिए जीते। उन्होंने 6 वीं मर्तबा यह जीत दर्ज की है। सोमवार को जीते गए पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया।

रीवा।   रीवा जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में एक नया रिकॉर्ड बना है। राजेंद्र पांडेय ने अब तक के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर लगातार छठवीं बार अध्यक्ष चुने गए हैं। अध्यक्ष राजेंद्र पांडेय ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अशोक शुक्ला को 239 मतों से पराजित किया। राजेंद्र पांडेय को 908 मत मिले जबकि अशोक शुक्ल को 669 मत मिले। वहीं उपाध्यक्ष पद मेंं तरुणेन्द्र सिंह,  सचिव पद पर देवीशंकर ओझा, सहसचिव पद के लिए युवा अधिवक्ता संजीव पांडेय व गं्रथपाल पद पर राममणि मिश्रा दूसरी बार निर्वाचित घोषित हुए हैं। चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद सोमवार को जिला अधिवक्ता संघ कार्यालय में समारोह आयोजित कर सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों का प्रमाण पत्र वितरित किया गया। चुनाव अधिकारी शारदा प्रसाद मिश्रा ने सभी लोगों की उपस्थिति में निर्वाचन प्रमाण पत्र दिया और सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई व शुभकामनाएं दी। उल्लेखनीय है कि जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष पद पर लगातार छठवीं बार राजेंद्र पांडेय चुने गए हैं। इसी प्रकार कोषध्यक्ष पद पर दिनेश सेन को सातवीं बार चुना गया है। गं्रथ पाल भी दुबारा चुने गए। इसके अलावा अन्य पदाधिकारी व कार्यकारिणी के सभी सदस्य पहली बार चुने गए हैंं। इस साथ ही जिला अधिवक्ता संघ फिर से प्रभावी हो गया है।
--------
इन पदाधिकारियों को दिया गया प्रमाण पत्र
कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ के नव निर्वाचित अध्यक्ष राजेंद्र पांडेय, उपाध्यक्ष तरुणेंद्र प्रताप सिंह, सचिव देवी शंकर ओझा, सहसचिव संजीव पांडेय, कोषध्यक्ष दिनेश सेन, गं्रथपाल राममणि मिश्रा व कार्यकारिणी के लिए अंबर पांडेय, अभिषेक तिवारी, रमाशंकर तिवारी, सतीष कुशवाहा, सत्य प्रकाश मिश्रा को प्रदान किया गया। उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित तरुणेंद्र प्रताप सिंह बीमार होने के कारण प्रमाण पत्र लेने के लिए उपस्थित नहीं हो पाए।
कौन किससे जीता
मतगणना के उपरांत अध्यक्ष पद के लिए राजेन्द्र पाण्डेय 908 पाकर विजयी हुए जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी अशोक शुक्ला को 669 मत मिले। उपाध्यक्ष के लिए तरुणेन्द्र सिंह 479 मत पाकर जीते वहीं कमलेश्वर तिवारी को 416 मत मिले। सचिव पद पर देवीशंकर ओझा को 509 मत मिले, उन्होंने आपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पूर्व सचिव रघुवंश सिंह को 335 से हराया। सहसचिव पद के लिए संजीव पाण्डेय 537 मत पाकर निर्वाचित हुए। संजीव को दूसरे प्रयास में यह जीत मिली है। कोषाध्यक्ष पद पर दिनेश सेन 740 मत पाकर सातवीं बार काबिज हुए हैं। उपके करीबी प्रत्याशी संतोष द्विवेदी को 697 मत मिले। ग्रन्थपाल के लिए राममणि मिश्रा 507 मत पाकर फिर विजयी हुए। निकटम प्रतिद्वंद्वी सरोज कुशवाहा 497 मत पाकर महज 10 मतों से पिछड़ गईं।
ये बने कार्यकारिणी सदस्य
 अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी के निर्वाचन के बाद रविवार को सुबह 10 बजे से अधिवक्ता संघ के कार्यकारिणी सदस्यों के निर्वाचन हेतु मतगणना प्रारंभ की गई। शाम तक आए परिणाम में  994 मत पाकर अंबर पांडेय सबसे ऊपर रहे। उसके बाद  अभिषेक तिवारी 982, सतीश कुशवाहा 701, सत्यप्रकाश 726 व रमाशंकर तिवारी 686 मत पाकर निर्वाचित घोषित किए गए हैं।