क्या आप जानते हैं रीवा के रानीतालाब का इतिहास, कैसे रानीतालाब में विराजमान हुईं मां कालिका

रीवा का रानीतालाब भक्ति और श्रद्धा का बड़ा केन्द्र हैं। नवरात्रि शुरू होते ही यहां भक्तों की भारी भीड़ उमडऩे लगी है। मां कालिका के दर्शन करने लोग दूर दूर से आते हैं। यहां हर भक्त के कष्ट दूर होते हैं। नवरात्रि में रानीतालाब में मेला सजता है। 9 दिनों तक यहां भक्ति की बयार बहती है। इस रानी तालाब में मां कालिका की स्थापना की भी पौराणिक कहानी है। यदि आप नहीं जानते तो इसे पूरा जरूर पढि़एगा।

तीन बजे से ही मंदिर में लगने लगती है भक्तों की लाइन
रीवा। रानी तालाब का मंदिर जन्मश्रुतियों के अनुसार सैकड़ों वर्ष पुराना है। इस संबंध में किवदंती प्रचलित है कि व्यापारी का एक दल जिसे उस समय लवासना कहा जाता था, रीवा आया हुआ था। उस समय रीवा की आबादी केवल उपरहटी मोहल्ले में किले के आसपास तक ही थी। व्यापारियों के साथ माता कालिका की प्रतिमा भी थी। व्यापारी जहाँ जाते थे वहाँ बैलगाड़ी से उतारकर प्रतिमा को विराजमान कर देते थे। दो-चार दिन व्यापार करने के बाद कारवाँ आगे चलता था तो माता रानी की प्रतिमा को पूरी श्रद्धा के साथ पुन: बैलगाड़ी में रखकर ले जाते थे। रानी तालाब के किनारे जब कालिका देवी की प्रतिमा को रखा गया और व्यापारी प्रस्थान के समय उन्हें बैलगाड़ी में रखने का प्रयास करने लगे तो प्रतिमा अपने स्थान से हिली भी नहीं। व्यापारियों ने कई प्रयास किए पर उनके प्रयास सफल नहीं हुए। अंत में यह मानकर कि अब देवी माता रानी तालाब के किनारे ही रहना चाहती हैं। व्यापारियों ने उन्हें वृक्ष के नीचे स्थापित कर दिया। इसी स्थान पर रीवा राजवंश के राजाओं ने मंदिर का निर्माण कराया। इस प्राचीन मंदिर में आज भी माता कालिका की प्रतिमा भक्तों को दर्शन देकर कल्याण कर रही हैं। नवरात्रि में रानी तालाब मंदिर में देवी माता की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।
नवरात्रि में लगता है रानी तालाब में मेला
वर्षाकाल की समाप्ति के बाद शरद ऋतु के आगमन के साथ ही नवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। अश्विन मास की प्रतिपदा से नवरात्रि पर्व आरंभ होता है। देवी माता की भक्ति और शक्ति उपासना का यह पर्व पूरे विन्ध्य में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाता है। विन्ध्य में नवरात्रि का सबसे बड़ा मेला मैहर में माँ शारदा के दरबार में लगता है। उसके बाद संभाग के सभी जिलों में कई देवी मंदिरों में माँ शारदा तथा माँ दुर्गा के अलग-अलग अवतारों की पूजा की जाती है। रीवा शहर के पाड़ेन टोला के पुराने मोहल्ले में प्राचीन रानी तालाब है। इस तालाब के किनारे ही बगलामुखी देवी माता कालिका प्राचीन मंदिर है। यह मंदिर देवी भक्तों की अनन्य श्रद्धा का केन्द्र है। नवरात्रि पर्व के दौरान सुबह तीन बजे से ही इसमें भक्तों का तांता लगा रहता है। हजारों भक्त नवरात्रि के प्रत्येक दिन पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ माता को जल चढ़ाने के लिए रानी मंदिर आते हैं। इनमें सर्वाधिक संख्या महिलाओं की होती है।  नवरात्रि पर्व में रानी तालाब मंदिर परिसर में मेले का आयोजन किया जाता है। नगर निगम रीवा द्वारा परिसर में साफ-सफाई, पेयजल तथा वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था की जाती है। भक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सुरक्षा बल तैनात रहते हैं।