आयुष्मान प्रोत्साहन राशि से मालामाल हुए सुपर के डॉक्टर, कमाई देखकर हो जाएंगे हैरान

आयुष्मान प्रोत्साहन राशि का बंटरबांट हो रहा है। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में एक डॉक्टर दोहरा लाभ ले रहा है। वहीं कई डॉक्टरों को एक फूटी कौड़ी तक नहीं मिली। नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल तक उठा रहे फायदा लेकिन मेडिकल आफीसर को दरकिनार कर दिया गया। उन्हें डॉक्टर की श्रेणी में ही नहीं रखा जा रहा है। कई और भी स्टाफ हैं जिन्हें आयुष्मान के प्रोत्साहन राशि से कुछ भी नहीं मिला है।

आयुष्मान प्रोत्साहन राशि से मालामाल हुए सुपर के डॉक्टर, कमाई देखकर हो जाएंगे हैरान
file photo

रीवा। ज्ञात हो कि आयुष्मान योजना लागू होने के बाद मरीजों के साथ ही डॉक्टर और अन्य स्टाफ की भी चांदी हो गई हैं। सरकार से मिलने वाले प्रोत्साहन राशि को डॉक्टर और कर्मचारियों के बीच वितरित किया जाता है। इस वितरण में सुपर स्पेशलिटी और संजय गांधी अस्पताल में भर्रेशाही चल रही है। एक डॉक्टर दोहरा लाभ उठा रहे हैं। हर साल वेतन से कहीं अधिक प्रोत्साहन राशि से कमा रहे हैं। यही वजह है कि आयुष्मान प्रोत्साहन राशि में और हिस्सेदार न बढ़े इसलिए कईयों को इस लिस्ट से ही गायब कर दिया गया है। जबकि शासन का स्पष्ट निर्देश है कि सभी को प्रोत्साहन राशि का प्रतिशत के हिसाब से वितरण किया जाना है। हद तो यह है कि इस वितरण से कई डॉक्टरों को भी किनारे कर दिया गया है। सुपर स्पेशलिटी के मेडिकल आफीसर से क्लीनिकल काम तो कराया जाता है लेकिन उन्हें इसका लाभ नहीं दिया जाता। मेडिकल आफीसर और अधीक्षक तक इस दौड़ से बाहर हैं। उन्हें फूटी कौड़ी तक नहीं मिली। अब तक आयुष्मान योजना से आए प्रोत्साहन राशि से लाखों रुपए डॉक्टर कमा चुके हैं। फिर भी यह मनमानी जारी है।
नोडल और सुपरवाइजर के नाम पर खेल
आयुष्मान योजना में मिलने वाले प्रोत्साहन राशि में बड़ा खेल नोडल आफीसर और सुपरवाइजर के नाम पर किया जाता है। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में नोडल अधिकारी दोहरा लाभ उठा रहे हैं। एनेस्थीसिया स्पेशलिस्ट के हिस्से की भी राशि ले रहे हैं। वहीं नोडल अधिकारी का कमीशन कुल राशि में से 2 फीसदी पा रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि नोडल आफीसर को कितना अधिक फायदा है। इसके अलावा यही नोडल अधिकारी आयुष्मान मित्र और सुपरवाइजर भी नियुक्त कर रहे हैं। इन्हें भी फायदा पहुचंाया जाता है।
किसे कितने फीसदी राशि का हुआ वितरण
आयुष्मान प्रोत्साहन राशि में से 10 फीसदी राशि डॉक्टरों के बीच वितरित की जा रही है। एनेस्थीसिया टीम को कुल क्लेम का 5 फीसदी, वार्ड नर्स को 3.5 फीसदी, लैब और रेडियोलॉजी टेक्नीशियन को कुल क्लेम का 5 फीसदी दिया जा रहा है। वहीं नोडल अधिकारी को कुल क्लेम का 2 फीसदी मिल रहा है। सिंगल नोडल अधिकारी हैं। यह राशि लाखों में जाती है। इसके अलावा आयुष्मान सुपर वाइजर को कुल क्लेम का 2 फीसदी दिया जाता है। इसी सुपरवाइजर में खेल होता है। सुपरवाइजर बनने के लिए होड़ मची रहती है। यहां कई रिश्तेदारों और प्राइवेट कर्मचारियों को तैनात कर दिया जाता है।
मेडिकल आफीसर दरकिनार
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के जीडीएमओ को दरकिनार कर दिया गया है जबकि शासन की गाइड लाइन में स्पष्ट निर्देश हैं कि चिकित्सालय के सभी चिकित्सकों को इसका लाभ दिया जाएगा। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में पदस्थ मेडिकल आफीसर डॉ आकांक्षा मिश्रा, डॉ रेणू पटेल, डॉ सौरभ गोयल, डॉ नीरज पटेल, डॉ आदित्य राव ने कई मर्तबा अधिष्ठाता श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय से शिकायतें और पत्राचार किया। सामान्य कर्तव्य चिकित्सा अधिकारियों को भी आयुष्मान योजना की प्रोत्साहन राशि प्रदाय किए जाने की मांग की गई लेकिन उन्हें कुछ भी नहीं मिला। तीन महीने से मेडिकल आफीसर से क्लीनिक कार्य तो लिया जा रहा है लेकिन इन्हें प्रोत्साहन राशि की एक फूटी कौड़ी तक नहीं दी गई।
इनकी नियुक्ति पर खड़े हुए हैं सवाल
हद तो यह है कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में एनेस्थीसिया विभाग में नियुक्त किए गए चिकित्सकों की नियुक्ति पर ही सवाल खड़े किए गए हैं। इनकी नियुक्ति को ही अवैध बताया गया है। नियुक्ति की शिकायत भी आयुक्त रीवा संभाग रीवा से की गई है। इसके बाद भी इस विभाग के चिकित्सकों को भारी भरकम प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। इसी विभाग के डॉक्टर को ही दोहरा लाभ पहुंचाया जा रहा है।
सुपर स्पेशलिटी के डॉक्टरों को कब कितनी मिली प्रोत्साहन राशि (रुपए में)
नाम                         सितंबर21     अक्टूबर 22    नवंबर 21   
डॉ विश्वदीपक त्रिपाठी    35580        97100            93070
डॉ एसके त्रिपाठी          48810       137280           428810
डॉ प्रदीप कुर्मी             11280        47200             69480
डॉ कुवेर देवी सिंह        1800          47200            111260
डॉ हिमांशु गुप्ता            11280        82550            318190   
डॉ पुष्पेन्द्र शुक्ला        28270         30902            21406
डॉ विवेक शर्मा             28270       30902            21406
डॉ आशीष घनघोरिया    28269       30901            21406
डॉ बृजेश तिवारी          28269        30901            21406
डॉ दिनेश पटेल             39197      41945            19750
डॉ पंकज चौहान            9282        61330            37413
डॉ अविजित सिंह          1458        39610            5030
डॉ रोहन द्विवेदी            2850         104949           60100
डॉ पियूष तिवारी           6282         4578              3009
डॉ आलोक प्रताप सिंह    27924       74635           117177
डॉ सुभाष अग्रवाल          27924       74635           117177
डॉ राजीव द्विवेदी            27923       74635            117177
डॉ लाल प्रवीन सिंह          27923     74635            117177
डॉ अभिषेक रोशन मिंज    7349        13821            16274
डॉ आलोक प्रताप सिंह नोडल 62836    199614        286074