मजार पर नशेड़ी युवक ने रखा पैर फिर मचा बवाल

शहर के छोटी दरगाह में बुधवार की रात 10 बजे उस समय बवाल की स्थिति निर्मित हो गई, जब नशे में धुत्त एक युवक मजार में पैर रख कर रील बनाने लगा। स्थानीय लोगों ने उसे देखा तो पकड़ कर पिटाई कर दी। बवाल बढ़ता देख मौके पर भारी संख्या में पुलिस पहुंची और युवक को कस्टडी में लेकर थाना ले गई, जहां उसके खिलाफ धार्मिक आस्था में ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया।

वर्ग विशेष के लोगों ने थाना घेरा
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी गिरफ्तार
रीवा। पुलिस ने बताया कि बुधवार रात करीब दस बजे सीधी का रहने वाला युवक रोहित सिंह गहरवार छोटी दरगाह पहुंचा था। वह काफी  नशे में था। दरगाह परिसर में स्थित एक होटल में खाना खाया, इसके बाद दरगाह के भीतर घुस गया। जहां स्थित मजार पर पैर रख कर रील बनाने लगा। तभी स्थानीय लोगों ने उसे देख लिया और पकड़ लिया। युवक को दरगाह से बाहर लाकर पिटाई करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और युवक को थाना ले गई। जहां युवक के खिलाफ धार्मिक आस्था में ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है।
निर्मित हुई तनाव की स्थिति
जैसे ही पुलिस युवक को पकड़ कर अपने साथ थाना ले गई, तभी पीछे से सैकड़ों की संख्या में वर्ग विशेष के लोग भी पहुंच गये। थाना का घेराव करते हुये एफआईआर दर्ज करने की मांग की। जिस पर पुलिस ने दरगाह कमेटी की शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ थाना
अमहिया थाना में लोगों की भीड़ देखते हुये पुलिस अधिकारियों ने आसपास के थाना का बल भी भेज दिया। इसमें सिविल लाइन, कोतवाली, समान, चोरहटा, बिछिया व विश्वविद्यालय थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ पहुंचे। आक्रोशित लोगों को शांत कराया। जब एफआईआर हो गई तो लोग अपने-अपने घर की ओर चले गये।