कोदौ की रोटी और चने की साग खाना पड़ा भारी, पांच लोग पहुंच गए अस्पताल

कहने को तो कोदौ पौष्टिक अनाज कहलाता है लेकिन अब इसका सेवन करना ही लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रहा है। कोदौ की रोटी और चने की साग खाने से एक ही परिवार के पांच लोग बीमार हो गए। जिन्हें गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज जारी है।

डॉक्टरों ने मंगाया कोदौ का सेम्पल, नुकसान की वजह तलाश कर रहे
रीवा। ग्राम रमपुरवा थाना मनगवां निवासी उमेश पटेल ने बताया कि
कोदौ की रोटी और चने की भाजी खाने से घर के पांच लोग बीमार हो गए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमार लोग एक ही परिवार के हैं। इसमें मां, दो बटे, बहू  और बहन शामिल हैं। सभी का इलाज चल रहा है। बेटों का नाम राजेश पटेल, अनिल पटेल है। बहन का नाम मुन्नी देवी है। सभी की हालत गंभीर है। इलाज चल रहा है। परिजन ने बताया कि डॉक्टरों ने कोदौ को भी मंगाया है। जांच के बाद ही कोदौ से होने वाले नुकसान का पता चलेगा।
कच्ची कोदौ में फंगस से बीमार हो रहे हैं लोग
संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ यत्नेश त्रिपाठी ने बताया कि कोदौ खाने जो लोग बीमार हो रहे हैं। उसके पीछे दो रीजन हो सकते हैं। पहला तो यह है कि कच्ची कोदौ में फंगस होने के कारण नुकसान पहुंचा रही है। दूसरा इसकी पैदावार में रासायनिक खाद और कीटनाशक का उपयोग भी नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने बताया कि समय से पहले कोदौ तोडऩे के कारण अच्छे से पकती नहीं है। इसमें फंगस लग जाते हैं। कच्ची कोदौ का सेवन करने से ही लोग बीमार हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को चाहिए कि कोदौ का सेवन तुरंत न करें। कुछ दिन बाद करें। जिससे कोदौ में लगी फंगस खत्म हो जाती है।