क्रेशर की बिजली काटने गए विद्युत कर्मियों को बंधक बनाया, पुलिस ने छुड़ाया

स्टोन क्रेशर की अवैध बिजली काटने पहुंचे पुलिसकर्मी और विद्युत विभाग के कर्मचारी बंधक बना लिए गए। घंटों क्रेशर परिसर में बंद रखा गया। बाद में पुलिस से मदद मांगी गई। पुलिस बल पहुंचा तब सभी को मुक्त कराया गया।

क्रेशर की बिजली काटने गए विद्युत कर्मियों को बंधक बनाया, पुलिस ने छुड़ाया

रीवा। रीवा में आराजकता बढ़ गई है। नेता बेलगाम हो गए हैं। सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। राजनीतिक बल के आगे सब पस्त हैं। जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष की भी दबंगई के आगे पुलिस और प्रशासन बुधवार को नतमस्तक नजर आया। बैजनाथ में स्टोन क्रेशर की बिजली काटने पहुंचे विद्युत विभाग के जेई और पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया गया। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ने उन्हें बिजली काटने नहीं दिया। परिसर में ही रोक कर रखा। कार्रवाई में बाधक बने। इसके बाद पुलिसकर्मियों और विद्युत विभाग के कर्मचारियों को पुलिस प्रशासन से मदद मांगनी पड़ी। मौके पर पुलिस बल पहुंचा तब जाकर सभी को मुक्त कराया जा सका।
खुले आम चोरी की बिजली से चला रहे थे क्रेशर
एनजीटी के निर्देश पर खनिज विभाग, प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्रदूषण फैलाने वाले करीब 32 के्रशर के खिलाफ कार्रवाई की थी। सभी को सीज कर दिया गया था। इनमें से 22 की बिजली भी काट दी गई थी। बिजली काटे जाने के बाद भी तीन क्रेशर चोरी की बिजली से चल रहे थे। इनमें ग्राम वैजनाथ में सुनीता द्विवेदी सर्विस क्रमांक 137 8015003, सिद्ध विनायक स्टोन क्रेशर ग्राम हिनौती, सम्राट स्टोन क्रेशर ग्राम बैजनाथ शामिल थे। इन सभी की बिजली काटने के निर्देश एनजीटी ने दिए थे। इसी निर्देश पर विद्युत विभाग के जेई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे।  कार्रवाई के दौरान सुनीता द्विवेदी तथा पति जनपद उपाध्यक्ष रीवा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कनिष्ठ यंत्री संतोष तिवारी तथा कर्मचारियों के साथ ही पुलिसकर्मियों को भी बंधक बना लिया। कनेक्शन काटने ही नहीं दिया। घंटों सभी को बंद करके रखा गया। इसके बाद नौवस्ता चौकी को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पुलिस बल पहुंचा तब जाकर बंधक पुलिकर्मी, विद्युत विभाग के कर्मचारी, अधिकारियों को मुक्त कराया जा सका।
गालीगलौज करके भगा दिया गया था
इसके पूर्व एनजीटी के निर्देश पर विद्युत विभाग ने 14 अगस्त 2023 को अस्थाई रूप से कनेक्शन काट दिया था। इसके बाद भी क्रेशर संचाक सुनीता द्विवेदी ग्राम बैजनाथ ने दोबारा कनेक्शन अवैध तरीके से जोड़ लिया था। इसके अलावा सिद्ध विनायक स्टोन क्रेशर और सम्राट इन्फ्रा स्टोर क्रेशर ने भी चोरी की बिजली का उपयोग कर रहे थे। जबरन कनेक्शन जोड़ लिया था। जब विद्युत विभाग के कर्मचारी कार्रवाई करने मौके पर पहुंचे थे तब उनके साथ गौलीगलौज की गई थी। मारपीट तक पर आमादा हो गए थे।