बिजली विभाग को चाहिए आज एक करोड़, जानिए ऐसा क्या हुआ कि इतनी जरूरत आन पड़ी

विद्युत विभाग शहर संभाग के सामने करो या मरो की स्थिति आन खड़ी हो गई है। एक दिन में विभाग को एक करोड़ रुपए चाहिए। यह राशि बकाया वसूली की है। टारगेट पूरा करने से सिर्फ एक करोड़ ही पीछे हैं। ऐसे में महीने के अंतिम दिन 1 करोड़ का लक्ष्य लेकर टीम उतरेगी।

बिजली विभाग को चाहिए आज एक करोड़, जानिए ऐसा क्या हुआ कि इतनी जरूरत आन पड़ी
file photo

फरवरी में शहर संभाग को 11.50 करोड़ का मिला था लक्ष्य
रीवा।  फरवरी खत्म हो रही है। सिर्फ एक दिन बचे हैं और इस अंतिम दिन में शहर संभाग को एक करोड़ चाहिए। 11.50 करोड़ की डिमांड थी। विभाग 10.50 करोड़ रुपए वसूल चुका है। डिमांड के हिसाब से टारगेट एचीव करने के लिए 1 करोड़ कम है। इसे वसूलना है।  ज्ञात हो कि शहर संभाग को एरियर के साथ वसूली का लक्ष्य फरवरी में 17 करोड़ का दिया गया था। वहीं डिमांड के हिसाब से लक्ष्य विद्युत विभाग के शहर संभाग को 11.50 करोड़ का मिला था। फरवरी में दिन कम और टारगेट ज्यादा था। यही वजह है कि शहर संभाग ने शुरू से ही वसूली के लिए अभियान शुरू कर दिया। बड़े बकायादारों को टारगेट में रखकर कार्रवाई शुरू की गई। बकायादारों का कनेक्शन काटने के लिए 20 टीमें बनाई गई। सभी टीमों को बकायादारों की लिस्ट के साथ मैदान में उतार दिया गया था। विद्युत विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। वसूली अभियान के दौरान कर्मचारियों को मारपीट का सामना भी करना पड़ा। इसके बाद भी शहर संभाग 28 दिनों में 10.50 करोड़ रुपए तक की रिकवरी करने में कामयाब रहा। अब सिर्फ एक ही दिन बचे हैं। गुरुवार को विभाग को 1 करोड़ रुपए की बकाया राशि वसूली है। तभी डिमांड के हिसाब से टारगेट एचीव हो पाएगा।
बकायादारों का काटा गया कनेक्शन
बुधवार को भी शहर संभाग की टीम ने ताबड़तोड़ बकायादारों के खिलाफ कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। करीब 183 कनेक्शन काटे गए। इन पर करीब 32 लाख रुपए से अधिक का बकाया था। विद्युत विभाग की टीम ने अशोक नगर, रानी तालाब, चिकान टोला, उपरहटी, तरहटी, फोर्ट रोड, व्यंकट रोड, बांस घाट, पद्मधर कालोनी, बोदाबाग, इटौरा, जनता कालेज रोड, रतहरा, गंगोत्री कालोनी, महाजन टोला में कार्रवाई की।