स्कूल शिक्षा विभाग में बड़े बदलाव की तैयारी में सरकार, सिर्फ दो तरह की ही स्कूलें रह जाएंगे शेष सब में लग जाएगा ताला!
सरकार स्कूल शिक्षा विभाग में बड़े बदलाव की कवायद में जुट गई है। इसकी शुरुआत सीएम राइज और पीएमश्री से हो गई है। आने वाले समय में सिर्फ यही स्कूलें सरकारी के नाम पर रहेंगी। शेष छोटी छोटी स्कूलें सब मर्ज हो जाएंगी। वर्तमान में 12 सीएम राइज और 17 पीएमश्री स्कूलें स्वीकृत हैं। 17 और सीएम राइज प्रस्तावित हैं। यह स्कूलें प्राइवेट को टक्कर देंगी।

सीएम राइज स्कूलें और पीएम श्री स्कूलों में मिलेगा छात्रों को प्रवेश, स्कूल बसें दौड़ेंगी
हर 10 से 20 किमी में खुलेंगे सीएम राइज और पीएमश्री स्कूलें, क्षमता होगी 5 हजार
रीवा। ज्ञात हो कि सरकारी स्कूलों की स्थिति काफी खराब है। स्कूलें तो हैं लेकिन यहां पढऩे के लिए छात्र नहीं है। सरकार स्कूलों के गिरने स्तर को लेकर काफी चिंतित है। सरकारी स्कूलों के प्रति अभिभावकों और छात्रों की रुचि कम हो रही है। ऐसे में सरकार इन खस्ताहाल सरकारी स्कूलों का तोड़ निकाल चुकी है। इन सभी स्कूलों के बच्चों को सीएम राइज और पीएमश्री स्कूलों में समेटने की तैयारी की जा रही है। इसकी शुरुआत हो गई है। सभी जिलों में सीएम राइज स्कूलें शुरू कर दी गई है। इनके भव्य भवन बनाए जा रहे हैं। करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हंै। इसी तर्ज पर पीएम श्री स्कूलें भी बनाई जाएंगी। स्कूल शिक्षा विभाग से जुड़े जानकारों की मानें तो जब सभी स्कूलें बन कर तैयार हो जाएंगी तो प्रायमरी, मिडिल, हाई और हायर सेकेण्डरी स्कूलों को पूरी तरह से इन नए प्रोजेक्ट में मर्ज कर दिया जाएगा। जो शिक्षक इन स्कूलों में रहेंगे उन्हें पीएमश्री और सीएम राइज स्कूलों में पदस्थ किया जाएगा। हालांकि इनके चयन के लिए भी मापदंड तय किए गए हैं। जो परीक्षा में पास होगा वही इन नए सिस्टम में फिट होगा। सीएम राइज स्कूल के लिए अभी से 10 किमी के दायरे में आने वाली स्कूलों के बच्चों को कवर करने के आदेश पहुंच गए हैं। इससे ही सरकार की मंशा का अनुमान लगाया जा सकता है।
10 किमी के सर्किटल को कवर करेंगी स्कूलें
सभी जिलों में सीएम राइज और पीएश्री स्कूलें 10 से 20 किमी की दूरी पर खोली जाएंगी। इन 10 किमी के सर्किल में आने वाले सभी बच्चों को इन स्कूलों में प्रवेश दिया जाएगा। स्कूलों की क्षमता भी करीब 5 हजार छात्रों की होगी। ऐसे में वर्तमान समय में चल रही स्कूलों के सभी छात्र इन पीएमश्री और सीएम राइज स्कूलों में ही आ जाएंगे। इन्हें लाने और ले जाने के लिए भी अभिभावकों केा मेहनत नहीं करनी होगी। स्कूलों के बसें इन्हें लाने और पहुंचाने का काम करेंगी।
यह सारी सुविधाएं यहां पर होंगी
- थिएटर रूम
-स्वीमिंग पूल
- हास्टल
- खेल मैदान
- प्रिंसिपल ऑफिस
- डिजिटल क्लास
- ई लाइब्रेरी
- मेस और डायनिंग हॉल
- कैफेटेरिया
- फुटबाल मैदान
- बैडमिंटन कोट
- प्रिंसिपल हाउस
- हाईटेक लैब
जी प्लस थ्री होगी बिल्डिंग
पीके स्कूल का नया भवन तीन मंजिला ऊंचा होगा। इसमें जी प्लस थ्री की स्वीकृति मिली हैं। इसका ड्राइंग डिजाइन फाइल हो चुका है। बिल्डिंग में प्राचार्य का कक्ष ऐसा बनाया जाएगा, जहां से पूरे परिसर पर नजर रखी जा सकेगी। वर्तमान में पीके स्कूल के खेल मैदान से निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके बाद भवन का निर्माण पुरानी बिल्डिंग की तरफ आगे बढ़ेगा।
स्कूलों की बसें भी चलेगी
छात्रों को लाने ले जाने के लिए पीके स्कूल के पास खुद की बसें रहेंगी। स्कूल में प्रवेश लेने वाले छात्रों को इन बसों से ही लाया और छोड़ा जाएगा। इसके अलावा यहां छात्रों को कम्प्यूटर एक्सपर्ट बनाया जाएगा। वल्र्ड क्लास कम्प्यूटर सेंटर बनाया जाएगा। डिजिटल क्लास भी हाईटेक ही होंगे। शिक्षक डिजिटल बोर्ड पर छात्रों को यहां पढ़ाते हुए नजर आएंगे।
सिर्फ सरकारी शिक्षक होंगे शेष आउटसोर्स कंपनी सम्हालेंगी काम
सरकार शिक्षा व्यवस्था में काफी कुछ बदलाव कर रही है। सीएम राइज स्कूलों को प्राइवेट से भी बेहतर बनाया जा रहा है। यदि सरकार अपनी मंशा पर सफल हुई तो प्राइवेट स्कूलें सरकारी से कहीं पीछे छूट जाएंगी। इतना ही नहीं सरकारी स्कूलों में सिर्फ सरकारी शिक्षक ही होंगे। शेष सारी व्यवस्थाएं आउटसोर्स पर होंगी। क्लास रूम से लेकर आनलाइन कक्षाओं का संचालन भी आउटसोर्स कंपनियां करेंगी। शिक्षकों के पास सिर्फ पढ़ाने का काम ही रह जाएगा। इसके अलावा वर्तमान में जो भी काम की जिम्मेदारी शिक्षकों के पास है। उससे उन्हें मुक्ति मिल जाएगी।
नर्सरी भी संचालित होगी
सीएम राइज और पीएमश्री स्कूलों में नर्सरी की कक्षाएं भी संचालित होंगी। यहां अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होगी। बच्चों को वह सारी सुविधाएं मिलेेंगी जिसकी सरकारी स्कूलों में कल्पना भी किसी ने नहीं की होगी। वर्तमान में पहले से स्वीकृत सीएम राइज स्कूलों के भवनों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यहां बसों का भी संचालित किया जाएगा। सीएम राइज पीके स्कूल में बसें कुछ पहुंच गई हैं। एक सीएम राइज को 16 बसें मिलेंगी। स्कूलों की सुरक्षा प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड के पास होगा।
प्रवेश में भी होने वाला है बदलाव
सीएम राइज स्कूलों में वर्तमान समय में लॉटरी सिस्टम से ही प्रवेश दिया जाता है। इसमें भी बदलाव की तैयारी चल रही है। अब सभी सीटें लॉटरी से नहीं भरी जाएंगी। इसमें आधी सीटें लॉटरी से भरी जाएंगी। आधी में होनहार छात्रों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा।
वर्तमान में संभाग में स्कूलों की स्थिति
प्रकार रीवा सतना सीधी सिंगरौली योग
प्रायमरी 2004 1870 1107 1062 6043
मिडिल 711 698 457 413 2279
हाई स्कूल 130 147 102 80 459
हायर से. 140 156 109 68 473
योग 2985 2871 1774 1623 9253