लोकसभा चुनाव 2024 का एग्जिट पोल: फिर मोदी की ही जयकार, सभी के सर्वे में भाजपा की ही भरमार

चुनाव परिणाम आने के पहले सर्वे करने वाली एजेंसियों के एग्जिट पोल सामने आए हैं। इस एग्जिट पोल में फिर से देश में भाजपा की ही सरकार बनती हुई दिखाई गई है। एग्जिट पोल में चौकाने वाले नतीजे बताए गए हैं। उत्तर से लेकर दक्षिण तक सर्वे में भाजपा का ही बोलबाला बताया गया है। हालांकि अब चुनाव परिणाम आने में दो दिन ही बचे हैं। तीसरे दिन परिणाम सामने ही होंगे। ऐसे में एग्जिट पोल कितने सही है। इसका भी खुलासा हो ही जाएगा।

लोकसभा चुनाव 2024 का एग्जिट पोल: फिर मोदी की ही जयकार, सभी के सर्वे में भाजपा की ही भरमार

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के बाद आए कई एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। इन सर्वेक्षणों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता संभालने जा रहे हैं। इसके साथ इन सर्वेक्षणों में सत्तारूढ़ गठबंधन राजग के तमिलनाडु और केरल में अपना खाता खोलने और कर्नाटक में फिर से एकतरफा जीत हासिल करने का अनुमान जताया गया है। साथ ही इन सर्वेक्षणों में बिहार, राजस्थान और हरियाणा जैसे कुछ राज्यों में भाजपा एवं राजग की सीटों की संख्या में कमी होने का अनुमान लगाया गया है। रिपब्लिक टीवी-पी मार्क के सर्वेक्षण में दावा किया गया है कि 543 सदस्यीय लोकसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन 359 सीट तक जीत हासिल करेगा और विपक्षी इंडिया गठबंधन को 154 सीट मिलेंगी। रिपब्लिक टीवी-मैट्रिज़ के एग्जिट पोल में राजग को 353-368 सीट और विपक्ष को 118-133 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है। जन की बात के सर्वेक्षण में सत्तारूढ़ राजग को 362-392 सीट और विपक्षी गठबंधन को 141-161 सीट दी गई हैं। इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने अपने अनुमान में राजग को 371-401 और इंडिया गठबंधन को 109-139 सीटें दीं, जबकि न्यूज नेशन द्वारा अनुमान जताया गया है कि राजग को 342-378 और इंडिया गठबंधन को 153-169 सीट मिल सकती हैं। एक्सिस माई इंडिया और टुडेज़ चाणक्य सहित कई अन्य एग्जिट पोल ने रात 8.30 बजे तक पूर्ण अनुमानित परिणामों की भविष्यवाणी नहीं की थी। वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा ने 303 सीट जीती थी, जबकि राजग की संख्या 353 थी। कांग्रेस को 53 सीट और उसके सहयोगियों को 38 सीट मिली थीं। इस लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों द्वारा इंडिया गठबंधन का गठन किया गया। मोदी ने सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के बाद विश्वास जताया कि लोगों ने राजग की सरकार को फिर से चुनने के लिए रिकॉर्ड संख्या में मतदान किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अवसरवादी इंडी गठबंधन मतदाताओं के साथ तालमेल बिठाने में विफल रहा, जिन्होंने उनके प्रतिगामी राजनीति
को खारिज कर दिया।
इंडिया की बैठक में नहीं आईं ममता, खडग़े बोले 220 में सिमट जाएगी भाजपा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि इंडिया की बैठक में हमने चुनाव के दौरान हुई कमजोरियों और ताकत पर चर्चा की। उन्होंने जोर देकर कहा कि इंडिया गठबंधन की 295 और उससे ज्यादा सीटें आएंगी। इससे कम तो नहीं आएंगी, ये हमने आकलन किया है। हमारे सभी नेताओं से पूछने के बाद यह आंकड़ा मिला है और इस आंकड़े में कोई बदलाव नहीं है। खडग़े ने मीडिया से कहा कि हम यूनाइटेड हैं, आप हमें डिवाइड क्यों कर रहे हैं। हम सभी लोग एक साथ हैं। हम एक हैं, एक रहेंगे, हमें डिवाइड करने की कोशिश नहीं करें। इंडिया की बैठक में 23 नेता शामिल हुए। ममता बनर्जी शामिल नहीं हुईं। तेजस्वी यादव ने कहा कि इंडिया कम से कम 295+ सीट जीतेगी। इंडिया जीत रहा, देश की जनता जीत रही है। पीएम का चेहरा कौन रहेगा, ये बाद में हम लोग तय करेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सीटें पलट जाएंगी और इंडिया गठबंधन सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इंडिया गठबंधन को 295+ सीट मिल रही हैं। बीजेपी 220 सीटों पर सिमट जाएगी। एनडीए गठबंधन को 235 के करीब सीट मिल रही हैं। सीपीआई महासचिव डी राजा ने कहा कि चुनाव परिणाम एकतरफा होने वाला है, हम 295+ सीटें जीतेंगे।  डीएमके सांसद टीआर बालू ने कहा कि गठबंधन केंद्र में स्थिर सरकार बनाएगा। हमें 295 से कम सीटें नहीं मिलेंगी। सीताराम येचुरी ने कहा कि  इंडिया गठबंधन 295+ सीटें जीत रहा है, ये आंकड़ा लोगों में किए गए सर्वे के मुताबिक है।
लोकसभा 2024 के एक्जिट पोल के अनुमान
सर्वे एजेंसी                         एनडीए        इंडिया           अन्य
आज तक                           361-401    131-166        8-20
न्यूज 24- टुडेज चाणक्य       400            107               36
एबीपी सी-वोटर                   353-383    152-182       04-12
रिपब्लिक मैट्रिज                  353-368    118-133        43-48
रिपब्लिक पीमारक्यू                  359        154               30
इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया361-401   131-166       8-20
इंडिया टीवी-सीएनएक्स          371-401   109-139      28-38
टाइम्स नाऊ ईटीजी                 358          152              33
जन की बात                           362-392  141-161     10-20
इंडिया न्यूज डी-डायनमिक्स      371          125              47
टीवी 9 पोलस्ट्रैट                      342          166             35
न्यूज नेशन                             342-378   153-169    21-23