आनंद विहार तो नहीं रोक पाए किसान लेकिन फिर मच गया नया हल्ला और बढ़ा पहरा

किसानों की रेल रोको आंदोलन को पुलिस और प्रशासन ने फिलहाल तो सफल नहीं होने दिया लेकिन नया हल्ला फिर मचा है। आनंद विहार ट्रेन को रोकने में किसान फेल हो गए। कलेक्ट्रेट में ही ज्ञापन देकर वापस लौट गए लेकिन रेलवे स्टेशन पर पहरा और बढ़ा दिया गया है। हल्ला मचा है कि अब दूसरी ट्रेन को टारगेट करेंगे।

आनंद विहार तो नहीं रोक पाए किसान लेकिन फिर मच गया नया हल्ला और बढ़ा पहरा
rail roko

रीवा।
ज्ञात हो कि गोविंदगढ़ में किसान संगठन कई दिनों से जमीन के बदले आश्रितों को नौकरी देने के लिए धरने पर बैठे हैं। 10 जुलाई को किसानों ने आनंद विहार ट्रेन रोकने का निर्णय लिया था। इसके पहले ही प्रशासन एलर्ट हो गया और रेलवे स्टेशन के आसपास धारा 144 लागू कर दी गई। स्टेशन तक किसानों को पहुंचने से रोकने के लिए पूरे शहर में पहरा बैठा दिया गया। आरपीएफ भी सतना से रीवा पहुंच गई। पुलिस का भारी पहरा लगा रहा। यही वजह है कि किसान संगठन विवेकानंद पार्क में एकत्र हुए। कलेक्ट्रेट तक गए और ज्ञापन देकर वापस लौट गए। आनंद विहार ट्रेन रोकने का प्रयास किसानों का सफल नहीं हुआ। मामला यहीं पर अभी नहीं रुका है। पुलिस और प्रशासन के सामने एक और चुनौती आन खड़ी हो गई है। रेलवे स्टेशन से सुरक्षा व्यवस्था कम नहीं की गई है। सूत्रों की मानें तो प्रशासन और पुलिस अब रात 8 बजे तक रेवांचल एक्सप्रेस को स्टेशन से रवाना करके ही राहत की सांस लेगी। ऐसी अफवाह फैला दी गई कि अब किसान संगठन रात में रेवांचल को टारगेट कर सकते हैं। यही वजह है कि पुलिस और प्रशासन ने स्टेशन पर ही डेरा जमाया हुआ है।