घर में गैस सिलेंडर से भड़की आग, पति और पत्नी दोनों झुलसे, एक की हो गई मौत

नव दम्पति जोड़ा गैस सिलेंडर से भड़की आग की चपेट में आ गए।दोनों को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया। इस घटना में उपचार के दौरान पति की मौत हो गई। पत्नी गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

भटलो गांव में सामने आई थी घटना, एक साल पहले हुई थी शादी
रीवा। गैस सिलेण्डर की आग से झुलसे पति-पत्नी को गंभीर रूप से उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां पति की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि पत्नी का उपचार संजय गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है। जानकारी दी गई कि करीब एक साल पहले ही दोनों की शादी हुई थी। बीते माह नवविवाहित पति-पत्नी रसोई में गैस सिलेण्डर से भड़की आग की चपेट में आ गए थे। घटना भटलो गांव की है। घटना को लेकर  लड़की पक्ष का आरोप है  कि सास के द्वारा बहू को जलाकर मारने की साजिश की गई थी लेकिन आग की चपेट में उनका बेटा भी आ गया जिसके कारण उसकी मौत हो गई। लड़की की मां ने बताया कि आमिलकी गांव निवासी सरस्वती साकेत की शादी भटलो के सिल्ली साकेत से लगभग 1 वर्ष पूर्व हुई थी। लड़की जिला चिकित्सालय में आउटसोर्स कर्मचारी थी। बताया गया कि 28 मई को जब सरस्वती साकेत किचन में खाना बनाने गई तो जैसे ही उसने लाइटर चलाया वह आग की चपेट में आ गई, उसी समय उसका पति भी किचन में मौजूद था जिसके कारण दोनों बुरी तरह झुलस गए । घटना में उपचार के दौरान पति की मौत हो गई जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। मायके पक्ष का कहना है कि उन्हें सिलेंडर फटने की सूचना दी गई थी लेकिन सिलेंडर का पाइप काटा गया था जिसके कारण उनकी बेटी बुरी तरह आग में झुलस गई। फिलहाल परिजन इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच करने की मांग कर रहे हैं।  हालांकि लड़की की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है जिसके बयान अभी नहीं लिए गए हैं।