पूरे शहर की हरियाली पर पहले चलाई कुल्हाड़ी अब हराभरा करने की तैयारी, जानिए कितने पौधे लगाए जाएंगे

रीवा ही हरियाली पर पहले कुल्हाड़ी चलाई गई। सारे पेड़ पौधों को काट डाला गया। रीवा में पिछले 18 सालों से सिर्फ ग्रीन रीवा क्लीन रीवा का अभियान चलाया जा रहा है लेकिन कहीं कुछ नहीं हुआ। अब फिर से इस साल पौधरोपण किए जाने की तैयारी है। शहर को हरा भरा करने 12 हजार पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। अब देखना यह होगा कि यह पौधे लगाने के बाद जिंदा कितने बचते हैं। हर साल पौधरोपण पर खेल हो रहा। हद तो यह है कि जिन जगहों पर पौधरोपण की तैयारी है। उन सभी जगहों पर पिछले साल भी पौधरोपण किया गया था। अब फिर से तैयारी है।

पूरे शहर की हरियाली पर पहले चलाई कुल्हाड़ी अब हराभरा करने की तैयारी, जानिए कितने पौधे लगाए जाएंगे

मुख्य मार्गों के किनारे किया जाएगा पौधरोपण, 12 हजार पौधे लगाए जाएंगे
रीवा। रीवा शहर को हरा भरा बनाने के उद्देश्य से वृहद पौधरोपण किया जायेगा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि आवश्यकतानुसार छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण करायें। जयंती कुंज रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रीवा शहर में सड़कों के किनारे, नैकहाई में तथा रतहरा से सिलपरा सड़क मार्ग के दोनों किनारों में अभियान चलाकर पौधरोपण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि रतहरा से चोरहटा मार्ग को हरा भरा किये जाने के लिये सघन पौधरोपण करायें तथा रिक्त भूमि में भी पौधरोपण करें। श्री शुक्ल ने लक्ष्मणबाग में पोषण वन में फलदार पौधे लगाने की भी बात कही। उन्होंने लगाये गये पौधों की उचित देखभाल किये जाने के भी निर्देश दिये।
शहर में रोपे जायेंगे 12 हजार पौधे
बैठक में वन मण्डलाधिकारी अनुपम शर्मा ने बताया कि पौधरोपण से पूर्व की सभी तैयारियों की जा चुकी है। गड्ढे करवा लिये गये हैं तथा पौधों की नर्सरी तैयार है वर्षा होते ही पौधरोपण कार्य प्रारंभ करा दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि मेन रोड में सात हजार, अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में एक हजार, लक्ष्मणबाग में तीन हजार तथा अन्य चयनित स्थलों में एक हजार पौधरोपण का लक्ष्य है। इस प्रकार रीवा शहर में 12 हजार पौधे रोपे जायेंगे। इसी प्रकार जिले में एक लाख बांस किसानों के माध्यम लगाने का भी लक्ष्य है।
प्रथम चरण में यहां होगा पौधरोपण
प्रथम चरण में लाड़ली पथ, छोटी पुल से चोरहटा, रेंज कैम्पस, दुर्गम कूट दुआरी तथा द्वितीय चरण में मॉडल स्कूल से नीम चौराहा, जेपी मोड, सुभाष तिराहा से बाईपास व बनकुइयां रोड में पौधरोपण कराया जायेगा। जबकि तीसरे चरण में अगस्त तक रौसर तिराहा से चोरहटा, बड़ी पुल से चोरहटा, होमगार्ड ऑफिस से जोन कार्यालय डिवाइडर तथा सिंधी कॉलोनी से सावा नाला महाजन टोला तक पौधरोपण होगा। इसी प्रकार जिले में 6.2 लाख पौधे लगाये जायेंगे जिनमें 4.6 लाख नवीन पौधरोपण व 1.4 लाख रिप्लेसमेंट के पौधरोपण शामिल हैं। बैठक में मुख्य वन संरक्षक राजेश राय, वन मण्डलाधिकारी सतना विपिन पटेल, राजेश पाण्डेय उपस्थित रहे।
अधिकांश जगहों पर लगा चुके हैं पौधे लेकिन बचे नहीं
हद तो यह है कि जिन जगहों पर पहले चरण में पौधरोपण की तैयारी हैं। उनमें से अधिकांश जगहों पर पौधरोपण किया जा चुका है। लाउ़ली पथ, नीम चौराहा, सुभाष तिराहा से बायपास तक पौधे पहले भी लगाए जा चुके हैं। इनमें से कोई भी पौधा नहीं बचा। विवि मार्ग पर रीवा के डीएफओ रहे विपिन पटेल ने कांक्रीट में गड्ढा खोद कर पौधे लगाए थे। एक भी नहीं बचे। अब फिर से उसी राह पर डीएफओ अनुपम शर्मा भी चल पड़े हैं। लाखों रुपए फूकने की तैयारी है। खाली जगह छोड़कर कांक्रीट में गड्ढा खोद रहे हैं।