हाइवा ने महिला को कुचला, मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम

मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र अंर्तगत पिपराही के पास वीरादेई गांव में बुधवार की शाम भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बेलगाम हाईवा ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक में बैठी महिला नीचे गिरी और हाईवा उसे कुचलता हुआ निकल गया। घटना में सुब्रा सिंह पति राजबहादुर सिंह 40 वर्ष निवासी वीरादेई की मौत हो गई। घटना के बाद हाईवा चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।

हाइवा ने महिला को कुचला, मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम
Road accident file photo

मऊगंज। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध रूप से यहां खनिज कारोबार लंबे समय से संचालित हो रहा है, गांव  की प्रधानमंत्री सड़क पर भारी वाहन नियम विरुद्ध तरीके से दिनरात दौड़ रहे है, प्रशासन और पुलिस के सरंक्षण में जहां अवैध खनिज कारोबार पर रोक नहीं लग रही जिसके चलते आसपास के ग्रामीणों का जीवन खतरे में है। बाइक सवार महिला की मौत की सूचना के बाद भी पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों का आक्रोस बढ़ गया। देर रात तक महिला के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया गया। आरोप लगाया गया कि पुलिस समय से नहीं पहुंची साथ ही नो एंट्री में भारी वाहनों पर कार्रवाई नहीं की जा रही जिससे यह हादसा हुआ है।
मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे बाइक सवार
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक दो बाइक में सवार होकर चार लोग हाका मंदिर दर्शन के लिए गए थे, पूजन अर्चन कर वो वापस लौट रहे थे, इसी दौरान विपरीत दिशा से सिंगल सड़क में तेज रफ्तार हाईवा चालक ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर से महिला हाईवा के पहिए के नीचे आ गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
किसकी शह पर चल रहा अवैध कारोबार
पिपराही क्षेत्र में कई जगह गांवों के बीच अवैध खनन के साथ ही क्रेशन संचालित की जा रही है, जिसके कारण आसपास के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ी हुई है। गांवों से गुजरने वाली प्रधानमंत्री सड़क में भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ रहे है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पूरा कारोबार जिम्मेदारों की शह पर चल रहा है, जिसका खामियाजा ग्रामीण जनता उठा रही है।