इंडिया का गठबंधन भारत के विकास में रोड़े अटका रहा है :-नड्डा

इंडिया का गठबंधन भारत के विकास में हमारे प्रयासों में रोड़े अटकाने का काम कर रहा है। घमण्डिया गठबंधन के लोग मुम्बई में एकत्र हुए थे।जब हम भारत को विकसित बनाने पर लगे हैं,जब हम चांद सूरज पर पहुंचने में लगे हैं,जब 20 ताकतवर राष्ट्र भारत आ रहे हैं,जब दुनिया मे भारत की जयकार हो रही है तब ये गठबंधन हमारी संस्कृति पर प्रहार करने का काम कर रहा है।

इंडिया का गठबंधन भारत के विकास में रोड़े अटका रहा है :-नड्डा
चित्रकूट पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जन दर्शन यात्रा को हरी झंडी देकर किया रवाना

सतना। उक्त बातें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चित्रकुट विधानसभा के मझगवां के मिचकुरीन घाटी में आयोजित कार्यक्रम में कहीं। वह चित्रकूट भाजपा की जनदर्शन यात्रा की शुरुआत करने पहुंचे थे। सबसे पहले उन्होंने जनदर्शन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि  ये मेरा सौभाग्य है कि प्रभु श्रीराम की तपोभूमि में मुझे आज जन आर्शीवाद यात्रा के लिए आने का अवसर मिला। ये यात्रा साढ़े 10 हजार किमी का सफर तय कर 230 विधानसभा क्षेत्रो में घूमेगी और हमारे कार्यों को जन जन तक पहुंचा कर जनता का आशीर्वाद लेगी। पिछले दिनों गृह मंत्री अमित शाह ने एक रिपोर्ट कार्ड पेश किया था। यहां हुए कार्यो के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई देता हूं।जब मैं पहली बार मंत्री बना था तो आंकड़े सामने आते थे जिसमें हर क्षेत्र में हम पिछड़े नजर आते थे। तब बताया जाता था कि मप्र भी बीमारू राज्य था। लेकिन आज मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि मप्र अब बीमारू नहीं रहा।अब मप्र में प्रति व्यक्ति की आमदनी 1 लाख 40 हजार हो गई है। मेडिकल की सीटें बढ़ी,शिक्षण संस्थान बढ़े। उद्योग के मामले में मप्र में पहले 23 इंडस्ट्रियल एरिया थे अब 105 क्षेत्र हैं। आज उद्योगीकरण 24 प्रतिशत पहुंचा है। स्वच्छता ,स्मार्ट सिटी, जल संरक्षण ,पीएम स्वामित्व योजना,मातृत्व वंदना योजना,पीएम आवास योजना में मप्र नम्बर एक पर खड़ा है।  इस अवसर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीड़ी शर्मा, कैलाश विजयवर्गीय, समेत भाजपा के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

हमने विकास किन नई-नई कहानियां लिखी हैं 

गुड गवर्नेंस,गरीब कल्याण ,ग्रोथ, कनेक्टिविटी का काम पीएम मोदी के नेतृत्व में चल रहा है। हम गरीब,शोषित,वंचित,किसान की तकदीर और तस्वीर बदलने के लिए काम कर रहे हैं। आज साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी रेखा से निकल कर मध्य वर्ग में पहुंच गए हैं,ये भारत की बदलती तस्वीर है। अति गरीबी भारत मे .1 परसेंट से भी कम हो गई है ये गरीब कल्याण योजनाओं की सफलता है।अगर मैं विकास की बात करूं तो भारत ने आर्थिक व्यवस्था में 11 वे नम्बर से 5 वे नम्बर पर छलांग लगाई है। भारत तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बन कर आएगा। ये पीएम मोदी की गारंटी है।आज 97 फीसदी मोबाइल भारत मे बन रहे हैं ,स्टील में दूसरे और ऑटोमोबाइल में 5 वें नम्बर पर खड़ा है। आज चंद्रयान पर हमारा सेटेलाइट खड़ा है,कल आदित्य मिशन पर हमारा यान रवाना हो गया है। इसरो के वैज्ञानिक बधाई के पात्र हैं।

मप्र ने हर क्षेत्र में तरक्की की है

मप्र ने हर क्षेत्र में तरक्की की है। हाइवे ,रेल हर क्षेत्र में काम हुआ है। मप्र के रेलवे स्टेशन आधुनिक बनने वाले हैं।खुशी है कि आज 14 मेडिकल कालेज पीएम मोदी ने दिए हैं,सतना को भी मेडिकल कालेज मिला है। हमने तो छिंदवाड़ा,खंडवा ,दतिया ,रतलाम में भी मेडिकल कालेज खुलवाया है। हमने विकास की नई नई कहानियां लिखी हैं। धार्मिक क्षेत्र में भी हमने बहुत काम किये। विकास की बातें करूंगा तो बहुत लंबी बात होगी। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हमने क्या किया इसका अंदाजा आप इससे लगा सकते हैं कि हमने महिलाओं को शासकीय नौकरी में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया।

कमलनाथ की सरकार भ्रष्टाचार से युक्त सरकार थी

कांग्रेस की सरकारों ने विनाश में कसर नहीं छोड़ी थी,आपको याद है कि नही कि कमलनाथ की सरकार भ्रष्टाचार से युक्त सरकार थी,कमलनाथ की करप्ट नाथ की छवि आपको याद है या नही। अगर याद है तो क्या आप वैसी सरकार चाहेंगे? अगर नहीं तो भाजपा को जिताएं।कमलनाथ ने आवास योजना को डीरेल करने में कोई कसर नही छोड़ी थी,लिस्ट दिल्ली पहुंचने ही नहीं दी थी। उन्होने कहा कि मप्र को आगे बढ़ाने में आप कोई कसर मत छोड़िएगा।

सनातन धर्म को समाप्त करने की बात करते हैं 

इस गठबंधन का सबसे बड़ा और प्रमुख घटक डीएमके का उदय निधि स्टालिन सनातन धर्म को समाप्त करने की बात करता है। क्या हम सनातन धर्म को हम खत्म होने देंगे,हिन्दू धर्म पर प्रहार होने देंगे। उदय स्टालिन कहता है जैसे मच्छर को खत्म करते हैं वैसे सनातन धर्म को समाप्त कर दो। परिवारवाद से घिरे घमण्डिया गठबंधन ने क्या यही रणनीति बनाइ है? क्या यही इनकी राजनीति है ? मोहब्बत की दुकान चलाने वाले राहुल गान्धी बताएं कि क्या यही उनकी दुकान है जहां हिन्दू धर्म के प्रति नफरत बोई जा रही है। मेरा सवाल है कि क्या आप हिन्दू सनातन धर्म को खत्म करने की रणनीति लेकर चुनाव में जाने वाले हैं? ऐसी नफरत की दुकान को आपको उखाड़ फेंकना होगा। आपको इसके लिए दो तरफ से काम करना होगा। एक तरफ अच्छे काम करने वाली भाजपा को बढ़ाना होगा और दूसरी तरफ घमण्डिया गठबंधन को घर बैठाना होगा।

कांग्रेस गंदगी- भ्रम फैला रही है,गंदे आरोप लगा रही है: शिवराज 

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि संघर्ष का शंख फूंक दिया गया है। आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा जनता का आशीर्वाद लेने आये हैं। विन्ध्य की जनता का आशीर्वाद हमेशा से भाजपा को मिला है। एक बार फिर आशीर्वाद हमे मिलेगा इसका हमे विश्वास है। भाजपा आपके आशीर्वाद की अधिकारी भी है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।  जितने विकास के काम भाजपा ने किए उतने काम कांग्रेस ने नही किये। काम बोलता है। हमने इसी मझगवां क्षेत्र में 227 करोड़ की लागत से दौरी सागर बांध का काम शुरू कराया है ताकि खेत सींचे जा सकें। हमने इस क्षेत्र को दस्यु समस्या से मुक्ति दिलाई। आतंक का अंत और विकास के काम दोनो एक साथ चित्रकूट क्षेत्र में चलते रहे। अभी नर्मदा का पानी भी हम नागौद से दौरी सागर तक लाएंगे और नहरें बना कर उसे मंदाकिनी से मिलाएंगे। नर्मदा और मंदाकिनी का मिलन होगा।किसानों का ब्याज माफ किया,पीएम की किसान सम्मान निधि के साथ सीएम किसान निधि देना शुरू किया। लाडली बहना योजना शुरू की ताकि बहनों के चेहरे पर मुस्कान आए।ये सिर्फ पैसा नहीं महिलाओं का सम्मान है। भाजपा की सरकार मोदी जी के नेतृत्व में गरीब कल्याण का यज्ञ चल रहा है।भूमिहीनो को जमीन दे  रहे हैं,सब को पक्के मकान दे रहे हैं। हम झूठे वादे नहीं करते,जनता की जिंदगी बदलना हमारा ध्येय है। कमलनाथ ने सारी योजनाएं बंद कर दीं, बुजुर्गों की तीर्थयात्रा तक बंद कर दी थी। हमने फिर शुरू कराई और अब तो हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा करा रहे हैं। कमलनाथ ने पीएम आवास लौटाये,पानी नहीं दिया,जनता के साथ धोखा किया।पानी नहीं बरस रहा लेकिन किसान भाइयों आप चिंता मत करना,हम आपको संकट के पार निकालेंगे। मोदी जी के नेतृत्व में आपको संकट से मुक्त कराएंगे। कांग्रेस गंदगी- भ्रम फैला रही है,गंदे आरोप लगा रही है। पहले उसने नौ सौ वादे किए लेकिन पूरे नहीं किये। हमने हर वादा निभाया है। हमे आपका आशीर्वाद चाहिए ताकि पीएम मोदी के नेतृत्व में हम आपकी फिर से और बेहतर सेवा कर सकें।