जेडी रीवा के दो सहायक संचालक हुए प्रमोट, बनाए गए उप संचालक

संयुक्त संचालक लोक शिक्षण संचालनालय रीवा में पदस्थ दो सहायक संचालकों को पदोन्नति दी गई है। इन्हें उप संचालक बनाया गया है। इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। हालांकि इस प्रमोशन का इन्हें आर्थिक लाभ नहीं मिलेगा। उच्च पद श्रेणी के वेतनमान का दावा नहीं कर पाएंगे।

जेडी रीवा के दो सहायक संचालक हुए प्रमोट, बनाए गए उप संचालक
JD office Rewa file photo

रीवा। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण कार्यालय रीवा सम्भाग में पदस्थ सहायक संचालक केपी तिवारी को उप संचालक बनाया गया है। श्री तिवारी को उच्च पद उप संचालक का प्रभार सौंपते हुए जेडी कार्यालय रीवा में ही पदस्थ किया गया है। इसी प्रकार जेडी रीवा कार्यालय में पदस्थ तरुणेंद्र प्रताप सिंह को भी उप संचालक का प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा सतना डीईओ कार्यालय के सहायक संचालक नरेंद्र कुमार सिंह को शासकीय शिक्षा महाविद्यालय रीवा में प्राध्यापक के रुप में पदस्थ किया गया है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं, जिसमें संंबंधित अधिकारियों को संबंधित पद पर कार्य करने हेतु पूर्व पदस्थापना से तत्काल कार्यमुक्त कर दिया गया है। इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस आदेश के आधार पर संबंधित अधिकारी उच्चतर पद हेतु वरिष्ठता एवं अन्य वेतनवृद्धि आदि की मांग नहीं कर सकेंगे। और न ही उच्चतर पद श्रेणी के वेतनमान पर इनके द्वारा कोई दावा किया जा सकेगा। केवल सम्मान के दृष्टिकोण से संबंधित अधिकारियों को उच्च पद पर प्रभारी के तौर पर आसीन किया गया है। ताकि मानसिक पीड़ा से जूझ रहे संबंधित अधिकारियों का चुनावी साल में कुछ मन बहल सके।