रतहरा मे चला चाकू, बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोद डाला

रीवा में फिर एक वारदात हो गई। बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू से गोद डाला। हमले में युवक बुरी तरह से घायल हो गया। उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

रतहरा मे चला चाकू, बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोद डाला

रीवा। बाजार से अपने घर जा रहे युवक पर बाइक सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला किया है। बताया जा रहा है कि लालगांव चौकी क्षेत्र के मदरी गांव का अंकित वर्मा 25 वर्ष किसी काम के चलते शनिवार को रीवा आया था। शाम के वक्त वह अपनी बाइक में सवार होकर साथी के साथ गांव जा रहा था। जैसे ही रतहरा स्थित होटल लैंड मार्क के पास पहुंचा, तभी बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने रास्ता छेक लिया। जब तक युवक कुछ समझ पाता, तब तक बदमाशों ने रॉड व चाकू से उस पर हमला कर दिया। घटना के दौरान युवक का साथी मौके से भाग निकला। वहीं मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। करीब 10 मिनट तक बदमाशों ने युवक की बेदम पिटाई की और भाग निकले। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस को सूचना दिया, जिसकी मदद से युवक अस्पताल पहुंच पाया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची है, पुलिस ने युवक का बयान  दर्ज किया है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
गोली चलाने वाला नहीं लगा हाथ
शहर में बेखौफ बदमाशों का आतंक पुलिस की निष्क्रियता से बढ़ता ही जा रहा है। जहां आये दिन चाकू व गोली चल रही है, वहीं आरोपी पुलिस पकड़ से दूर होते जा रहे हैं। गत दिवस सिविल लाइन थाना के सामने एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी थी। घटना को चार दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों को पुलिस नहीं पकड़ पाई है। ऐसे में सहज ही शहर की कानून व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है।