शहर को जाम में छोड़कर यातायात पुलिस को रास आया बायपास, जमकर काटे चालान

यातायात पुलिस भी खूब है। पूरा शहर जाम से परेशान हैं। उन्हें मजधार में छोड़कर पुलिस बायपास में चालान काटने में व्यस्त रही। बायपास में बाहरी गाडिय़ां आती जाती हैं। भारी वाहन भी निकलते हैं। इनसे आरटीओ भी खुलकर वसूली करती है। यातायात पुलिस भी इन्हें ही अब टारगेट करने निकल पड़ी है। यही वजह है कि शनिवार को यातायात पुलिस ने जमकर चालान काटे और खूब राजस्व भी वसूला। वहीं पूरा शहर जाम से जूझता रहा।

शहर को जाम में छोड़कर यातायात पुलिस को रास आया बायपास, जमकर काटे चालान

रीवा। ज्ञात हो कि शहर की हालत खराब है। यहां वाहनों के कारण सड़कों पर हर दिन जाम लगता है। कोई भी मार्ग चलने लायक नहीं है। अव्यवस्थित पार्किंग बड़ी वजह है। इस समस्या से लोग दिन भर जूझते हैं। सिरमौर चौराहा में ओव्हर ब्रिज निर्माण के कार्य रूट डायवर्ट है। इसके कारण भी वाहनों का जाम लगता है। चौराहों पर ठेले वालों का कब्जा है। वाहनों को चलने के लिए जगह नहीं है। इन्हें व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी यातायात पुलिस की है लेकिन वह भी शहर से बाहर भाग गई। अब यातायात ने शहर से दूर बायपास को कार्रवाई का नया ठिकाना बना लिया है। हालांकि यह इनके लिए कमाई का नया अड्डा नहीं है। बायपास में बिना किसी राजनीतिक दबाव के यह जमकर कमाई करते हैं। बाहरी वाहनों का आना जाना रहता है। ऐसे में इन्हें रोककर हाई स्पीड, सीट बेल्ट और अन्य चीजों की जांच के नाम पर कार्रवाई करते हैं। शनिवार को नेशनल हाइवे में यही सब हुआ। यातायात पुलिस ने शहरवासियों को बदहाल हालत में छोड़कर नेशनल हाइवे की राह पकड़ ली थी।
123 वाहनो के काटे चालान
यातायात पुलिस की कार्रवाई से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर की तुलना में बायपास में कितने मजे होंगे। नेशनल हाईवे 30 पर  बिना सीट बेल्ट, ओवर स्पीड, बिना हेलमेट और ओवर स्पीड चलने वाले वाहन चालकों की चेकिंग की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 123 वाहनों के चालान काटे गए जिन पर 45 हजार रुपए का जुर्माना किया गया है। जानकारी के मुताबिक 6 ओवर स्पीड वाहन चेकिंग में पकड़ाए गए साथ ही बिना सीट बेल्ट के 47 चार पहिया वाहन चालकों पर पुलिस ने कार्रवाई की। इसके साथ ही  बिना हेलमेट के 70 बाइक सवार पकड़े गए जिनके खिलाफ  मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। बताया गया कि  ओवरस्पीड और बिना सीट बेल्ट चलने वाले वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबन हेतु आरटीओ को पत्र लिखा जा रहा है, जिसके बाद ऐसे चालकों के लाइसेंस भी निरस्त किए जाएंगे।
लगातार हो रही है लूट
शहर में सिर्फ जाम से ही लोग परेशान नहीं है। इस समय बाइकर्स गैंग ने भी कोहराम मचाया हुआ है। हर दिन लूट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इन पर नजर रखने की जरूरत है। यातायात पुलिस की चौक चौराहों से नदारदगी ही इस  लूट की वजह बन रही है। कहीं भी यातायात पुलिस नजर नहीं आती। ट्रैफिक सम्हालने की जिम्मेदारी इनकी है लेकिन यह सड़कों पर दिखेंगे तो सिर्फ चालान काटते हुए वर्ना गायब ही रहेंगे।