मप्र सरकार फिर खरीदेगी जेट विमान, अब तक किराए के विमान में उड़ रहे थे सीएम

मप्र सरकार ने फिर से नया जेट विमान लेने का निर्णय लिया है। मंत्रि परिषद की बैठक में प्रस्ताव पास हो गया है। अभी तक मप्र सरकार के सीएम किराए के विमान में उड़ान भर रहे थे। इसके पहले भी करोड़ों रुपए का जेट विमान लिया गया था लेकिन उसका इंश्योरेंस नहीं होने के कारण विमान खराब हो गया था फिर वह सुधर भी नहीं पाया था। अब नए सिरे से जेट विमान की खरीदी की जाएगी। इस पर सरकार 300 करोड़ से अधिक की राशि खर्च करेगी।

मप्र सरकार फिर खरीदेगी जेट विमान, अब तक किराए के विमान में उड़ रहे थे सीएम

एससी, एसटी छात्रों के शिष्यवृत्ति में की गई वृद्धि
नेशनल ई विधान एप्लीकेशन पर 23 करोड़ खर्च किया जाएगा
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्ध-घुमन्तु जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित छात्रावास, आश्रम और सामुदायिक कल्याण केन्द्रों में निवासरत विद्यार्थियों को अनुसूचित जाति कल्याण/ जनजातीय कार्य विभाग द्वारा निर्धारित शिष्यवृत्ति दरों के अनुरूप युक्त-युक्तीकरण की स्वीकृति दी है। स्वीकृति अनुसार बालकों को वर्तमान में प्रतिमाह देय शिष्यवृत्ति 1230 रुपए में वृद्धि कर 1550 रूपये एवं बालिकाओं को 1270 रूपये में वृद्धि कर  1590 रूपये प्रतिमाह दी जाएगी। साथ ही अनुसूचित जाति कल्याण/ जनजातीय कार्य विभाग द्वारा मूल्य सूचकांक के आधार पर आगामी शिष्यवृत्ति की दर में वृद्धि, विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्ध-घुमन्तु कल्याण विभाग के लिए भी मान्य किए जाने का निर्णय लिया गया है।
नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के क्रियान्वयन का अनुमोदन
मंत्रि-परिषद द्वारा भारत सरकार द्वारा केन्द्र प्रवर्तित योजना नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) को मध्यप्रदेश विधान सभा में क्रियान्वित करने के लिए 23 करोड़ 87 लाख रूपये की परियोजना का अनुमोदन दिया हैं। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के डिजिटल इंडिया कार्यक्रम में देश की समस्त विधान सभाओं को पेपर लेस करने एवं उन्हें एक प्लेटफार्म पर लाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा केन्द्र प्रवर्तित योजना नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) लांच की गई है।  लागत की 60 प्रतिशत राशि भारत सरकार तथा 40 प्रतिशत राज्य शासन द्वारा वहन की जाएगी। मंत्रि-परिषद ने इंदौर में सांवेर रोड़ पर निर्माणाधीन केन्द्रीय जेल के शेष रहे निर्माण कार्यों के लिए 217 करोड़ 73 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
नर्मदा घाटी की परियोजनाओं के लिए निविदा आमंत्रण  की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा नर्मदा घाटी विकास विभाग की 9,271 करोड़ 96 लाख रूपये की लागत की 7 परियोजनाओं के निविदा आमंत्रण की अनुमति प्रदान की है। सोण्डवा उद्वहन माईक्रो सिंचाई परियोजना, निवाली उद्वहन माईक्रो सिंचाई परियोजना, सेंधवा उद्वहन माईक्रो सिंचाई परियोजना, महेश्वर जानापाव उद्वहन माईक्रो सिंचाई परियोजना, धार माईक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना, बड़ादेव संयुक्त माईक्रो सिंचाई परियोजना एवं माँ रेवा उद्वहन सिंचाई परियोजना के लिए निविदा आमंत्रण की अनुमति प्रदान की गई है।
बोकारो माइक्रो इरीगेशन की प्रशासकीय स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा बोकरो माइक्रो सिंचाई परियोजना लागत राशि 46 करोड़ रूपये, सैंच्य क्षेत्र 3310 हेक्टेयर की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना से तहसील रामपुरा नैकिन के 11 ग्रामों के कृषकों को सिंचाई सुविधा का लाभ प्राप्त होगा।
राज्य शासन के लिए विमान खरीदने का अनुमोदन
मंत्रि-परिषद द्वारा राज्य शासन के लिए विमान खरीदने का अनुमोदन दिया गया है। राज्य शासन के लिये अति विशिष्ट व्यक्तियों की उड़ान के लिए मध्यप्रदेश शासन के लिये विमान/हेलीकाप्टर क्रय-विक्रय नियम, 2019 के अंतर्गत बुलाए गए टेण्डर में निम्नतम (एल1) निविदाकार संस्था से विमान मॉडल चैलेंजर 3500 जेट विमान क्रय किये जाने के निर्णय का अनुमोदन दिया गया।