मऊगंज, हनुमना जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल हुए अभिनेता रवि किशन, आज रीवा भी आएंगे

भारतीय जनता पार्टी जनता पार्टी द्वारा विंध्य क्षेत्र में निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा शुक्रवार को मऊगंज विधानसभा के हनुमना पहुंची। यहां मशहूर अभिनेता व गोरखपुर से पार्टी सांसद रवि किशन रोड शो में शामिल हुए। उन्होंने चुटीले अंदाज में कांग्रेस की खिंचाई की। उन्होंने कहा जिंदगी झंड बा, कांग्रेस को फिर भी घमंड बा। शनिवार को जन आशीर्वाद यात्रा रीवा पहुंचेगी। यहां भी अभिनेता और सांसद रवि किशन शामिल होने पहुंचेंगे।

मऊगंज, हनुमना जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल हुए अभिनेता रवि किशन, आज रीवा भी आएंगे

रवि किशन ने हनुमना के रोड शो, बोले जिंदगी झंड बा, कांग्रेस को घमंड बा
रीवा।  भाजपा सभी जिलों में जन आशर्वाद यात्रा निकाल रही है। चित्रकूट से निकली जनआशीर्वाद यात्रा सतना जिला के बाद रीवा में प्रवेश की। शुक्रवार को जन आशीर्वाद यात्रा मऊगंज और हनुमना पहुंची। जनता से आशीर्वाद मांगा। इस दौरान जन आशीर्वाद यात्रा में अभिनेता और गोरखपुर सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे। वह रथ पर सवार थे। उनके साथ रोड शो में सांसद जनार्दन मिश्रा, सांसद गणेश सिंह, मंत्री राजेंद्र शुक्ला, जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, स्थानीय विधायक प्रदीप पटेल आदि मौजूद रहे। जनआशीर्वाद यात्रा शनिवार को रीवा विधानसभा में प्रवेश करेगी। एनसीसी मैदान में मंच सभा का भी आयोजन होगा। शनिवार को आशीर्वाद यात्रा में अभिनेता रवि किशन के अलावा यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी पहुंचेंगे। जन आशीर्वाद यात्रा में प्रमुख रूप से प्रदेश मंत्री राजेश पाण्डेय, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनिल पटेल, राजगोपाल चारी, सुरेन्द्र सिंह चंदेल यात्रा संयोजक, सुनील सोहगौरा सह संयोजक, अवध विहारी पाण्डेय विधानसभा यात्रा संयोजक, संतोष सिसोदिया जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा, राजेन्द्र मिश्रा, बृजेन्द्र गुप्ता मंडल अध्यक्ष नईगढ़ी, प्रशान्त पाठक जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा, रवि विश्वकर्मा अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अरुण तिवारी मुन्नू, यात्रा मीडिया समन्व्यक अखिलेश त्रिवेदी, अशोक मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

भाजपा गरीबों की पार्टी, सनातन की रक्षक पार्टी है
जन आशीर्वाद यात्रा के हनुमना पहुंचने पर भव्य रोड शो का आयोजन किया गया, जिसमें 500 से अधिक वाहन शामिल थे। रोड शो के स्वागत के लिए सड़क के दोनों तरफ जनता की कतार लगी रही। लाड़ली बहनों ने अपने चहेते नेताओं को देख पुष्पवर्षा की, तो वहीं युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी और भारत माता की जय के जयकारे लगाए। रोड शो में शामिल ख्यात अभिनेता व गोरखपुर सांसद रवि किशन भी शामिल हुए। उन्होंने रथ से ही सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं सबसे पहले मऊगंज जिले की माटी और आप सभी लाड़ली बहनों, भांजे- भांजियों और जनता जनार्दन को प्रणाम करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी गरीबों की पार्टी है, हर जाति, हर धर्म की पार्टी है और सनातन धर्म की रक्षक पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने 65 साल तक देश को लूटा है और अब आगे भी लूटना चाहते हैं। मद्रास का एक नेता जो मुख्यमंत्री स्टालिन का बेटा है, सनातन धर्म को समाप्त करने की बात करता है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म कभी न समाप्त होने वाला धर्म है। उन्होंने अपना मशहूर डायलाग बोला और कहा कि जली को राख कहते हैं, बुझी को खाक कहते हैं और उस राख से जो निकले उन्हें मोदी और शिवराज कहते हैं।
देवतालाब से रवाना हुई यात्रा, हर गांव में हुआ स्वागत
विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा अपने पांचवें दिन शुक्रवार को देवतालाब से रवाना हुई। रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सतना सांसद गणेश सिंह, जिला अध्यक्ष डॉ अजय सिंह के नेतृत्व में यात्रा शुरू हुई। देवतालाब विधानसभा के पहाड़ी में भाजपा नेता मृगेंद्र सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों स्थानीय कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनमानस के साथ लाड़ली बहनों ने कलश हाथ में लेकर और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान यात्रा में प्रमुख रूप से प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनिल पटेल, सुरेन्द्र सिंह चंदेल यात्रा संयोजक, सुनील सोहगौरा सह संयोजक, अवध विहारी पाण्डेय विधानसभा यात्रा संयोजक, संतोष सिसोदिया जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा, बृजेन्द्र गुप्ता मंडल अध्यक्ष नईगढ़ी, प्रशान्त पाठक जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा, रविवार विश्वकर्मा अध्यक्ष पिछड़ावर्ग मोर्चा आदि शामिल हुए। मऊगंज विधानसभा के शाहपुर मोड़ पर भी हजारों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता द्वारा पुष्प वर्षा कर जन आशीर्वाद यात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान समूचा वातावरण सनातन धर्म की जय, भारत माता कि जय, वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा।
जब से भाजपा आई, हो रहे हैं जनहित के काम: राजेंद्र शुक्ला
प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने पटेहरा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जबसे प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है, लगातार जनहित और विकास के काम हो रहे हैं। बाणसागर परियोजना का पानी नहरों के माध्यम से गांव-गांव पहुंचाने का कार्य किया गया है। सड़कें पहले कैसे थीं आप सभी जानते हैं। पटेहरा से रीवा जाने में चार घंटे लगते थे, लेकिन आज एक घंटे में पहुंच जाते हैं। गांव-गांव की सड़कें सुधर चुकी हैं जिससे आपको आवागमन में सुविधा हो रही है और समय के साथ पैसे भी बचते हैं।
भाजपा सरकार ने पूरी की बहुप्रतीक्षित मांग: अजय सिंह
मऊगंज की सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ अजय सिंह  ने कहा कि मऊगंज की जिला बनाने की बहु प्रतीक्षित मांग मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी की सरकार ने पूरा कर दिया है। अब मऊगंज के विकास को हमको और आगे तक ले जाना है। अभी तो शुरुआत हुई है अभी बहुत कुछ करना बाकी है। क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को बाहर जाना पड़ता है। हमारा प्रयास होगा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार यहीं उपलब्ध हो।
आज रीवा पहुंचेगी जन आशीर्वाद यात्रा, एनसीसी ग्राउंड में होगी जनसभा 
भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा आज 9 सितंबर को रीवा विधानसभा में सुबह 10 बजे  प्रवेश करेगी। जन आशीर्वाद यात्रा का नेतृत्व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, गोरखपुर सांसद रवि किशन, प्रदेश के जनसंपर्क एवं पीएच ई मंत्री राजेंद्र शुक्ला, यात्रा के संभागीय प्रभारी सतना सांसद  गणेश सिंह, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, जिला अध्यक्ष डॉक्टर अजय सिंह की अगुवाई में प्रारंभ होकर इटौरा बाईपास मोड अनंतपुर निराला नगर मोड़ स्टेडियम चौराहा नीम चौराहा होते हुए सिविल लाइन से एनसीसी ग्राउंड पहुंचेगी जहां पर 11:00 बजे विशाल जनसभा को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य, गोरखपुर सांसद रवि किशन सहित भाजपा नेताओं द्वारा द्वारा संबोधित किया जाएगा। सभा पश्चात यात्रा जय स्तंभ से खन्ना चौराहा स्टेच्यू चौराहा हॉस्पिटल चौराहा धोबिया टंकी होते हुए गुढ़ चौराहा पहुंचेगी जहां से  गुढ़ विधानसभा के  ग्राम लोही में प्रवेश करेगी। रीवा विधानसभा जन आशीर्वाद यात्रा का जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं स्थानीय जनों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। ।