मऊगंज के परीक्षा केन्द्र ग्रामीण इसलिए 71 नहीं सिर्फ 70 परीक्षा केन्द्रों बांटा गया प्रश्न पत्र, 24 को आज वितरित होगा

शुक्रवार को 70 परीक्षा केन्द्रों का प्रश्न पत्र कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना कर दिया गया। 9 बसों से 9 रूट बनाकर प्रश्न पत्र केन्द्रों के नजदीक थानों तक भेजे गए। प्रश्न पत्र थानों में पुलिस के पहरे में रहेंगे। शनिवार को शेष रह गए 24 शहरी क्षेत्र के परीक्षा केन्द्रों के प्रश्न पत्रों का वितरण किया जाएगा। मऊगंज के परीक्षा केन्द्रों को शहरी नहीं माना गया। उन्हें भी ग्रामीण मानकर शुक्रवार को ही प्रश्न पत्र वितरित कर दिया गया।

मऊगंज के परीक्षा केन्द्र ग्रामीण इसलिए 71 नहीं सिर्फ 70 परीक्षा केन्द्रों बांटा गया प्रश्न पत्र, 24 को आज वितरित होगा

कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किये गए प्रश्न पत्र
9 बसों से 9 रूट में भेजा गया, पुलिस बल भी साथ गया
रीवा। ज्ञात हो कि 25 फरवरी से 12वीं और 27 फरवरी से 10 वीं की परीक्षाएं शुरू होने वाली है। भोपाल से प्रश्न पत्र पहले ही पहुंच गए थे और समन्वयक संस्था मार्तण्ड स्कूल क्रमांक 1 के स्ट्रांग रूम में लॉक कर दिए गए थे। बाहर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया था। शुक्रवार को स्ट्रांग रूम को डीईओ सुदामा लाल गुप्ता, कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में संयुक्त कलेक्टर पीके पाण्डेय, सहायक संचालक राजेश मिश्रा व माशिमं के संभागीय प्रभारी की मौजूदगी में खोला गया। इसके बाद 70 केन्द्रों के प्रश्न पत्रों का वितरण किया गया। स्ट्रांग रूम सुबह 10 बजे ही खोल दिया गया था। इसके बाद प्रश्न पत्रों की केन्द्रवार समायोजित किया गया। प्रश्न पत्र लेने पहुंचे केन्द्राध्यक्ष और सहायक केन्द्राध्यक्षों को वितरित किया गया। 10वीं और 12वीं के प्रश्न पत्र अलग अलग पेटियों में दिए गए। पेटी में रखने के बाद उसे सील भी कर दिया गया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्न पत्र रवाना किया गया।
9 बसें तैनात की गई थी
प्रश्न पत्रों को ले जाने के लिए 9 बसें तैनात की गई थी। सभी में जीपीएस लगा हुआ था। इनकी लोकेशन भी ट्रैस की गई। सभी केन्द्रों के प्रश्न पत्र वाले बाक्सों को उस रूट की बसों में रखवाए गए। इसके बाद उन्हें थानों के लिए रवाना कर दिया गया। शाम 6 बजे से बसें रवाना होना शुरू हुईं। अंतिम बस 8 बजे रीवा से भेजी गई। सभी बसें केन्द्र के करीबी थानों में पहुंच कर पुलिस की सुरक्षा में बक्से रखवाएंगी।


मऊगंज को भी ग्रामीण केन्द्रों में माना गया
माशिमं के निर्देशानुसार पहले दिन 21 फरवरी को सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों के केन्द्रों को प्रश्न पत्रों का वितरण किया जाना था। इसमें मऊगंज जिला के  सभी केन्द्रों को ग्रामीण की श्रेणी में ही रखा गया। ऐसे में कुल 70 केन्द्रों को पहले दिन प्रश्न पत्रों का वितरण किया गया। शहरी में सिर्फ रीवा शहर के केन्द्रों को ही रखा गया है। इनकी संख्या 24 है। इन शेष रह गए 24 केन्द्रों के प्रश्न पत्रों का वितरण शनिवार को किया जाएगा।
पुलिस बल भी भेजा गया
स्ट्रांग रूम खुलने के बाद पूरी प्रक्रिया चुनाव की तरह की अपनाई गई। केन्द्रवार प्रश्न पत्रों को सेट करने के बाद वितरण किया गया। इस दौरान पुलिस का पहरा रहा। इसके बाद बसों में भी पुलिस बल तैनात किया गया था। सभी बसों में पुलिस लाइन का एक जवान तैनात किया गया था। स्ट्रांग रूम में भी 24 घंटे पुलिस का पहरा लगाया गया है।