जल्द ही दस्तक देने वाला है मानसून, जानिए कब मप्र में होने लगेगी बरसात, कब मिलेगी गर्मी से निजात

गर्मी के तेवर देखकर अब सभी को बारिश का इंतजार है। सभी मानसून के आने का इंतजार कर रहे हैं। यह इंतजार खत्म होने वाला है। मानसून 31 मई को केरल पहुचं रहा है। वहीं मप्र में 16 से 21 जून तक पहुंचने का अनुमान है।

जल्द ही दस्तक देने वाला है मानसून, जानिए कब मप्र में होने लगेगी बरसात, कब मिलेगी गर्मी से निजात

राजस्थान में 25 जून से 6 जुलाई तक पहुंचने के आसार
वहीं यूपी में 18 से 25 जून और बिहार-झारखंड में 18 जून
दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक मानसून अंडमान-निकोबार पहुंच गया है। 31 मई तक यह केरल पहुंच जाएगा। पिछले साल भी मानसून ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 19 मई को ही दस्तक दी थी, लेकिन केरल में 9 दिन देरी से 8 जून को पहुंचा था। इस साल मानसून सामान्य तारीख से पहले ही केरल में दस्तक दे सकता है। वैसे केरल में मानसून आने की सामान्य तारीख 1 जून है। घोषित तारीख में 4 दिन कम या ज्यादा होने की गुंजाइश रखी गई है। यानी मानसून 28 मई से 3 जून के बीच कभी भी आ सकता है। आईएमडी के अनुसार मानसून के मध्य प्रदेश में 16 से 21 जून और राजस्थान में 25 जून से 6 जुलाई तक पहुंचने के आसार हैं। वहीं यूपी में 18 से 25 जून और बिहार-झारखंड में 18 जून तक पहुंच जाएगा।
1972 में सबसे देरी से 18 जून को केरल आया था
आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक बीते 150 साल में मानसून के केरल पहुंचने की तारीखें काफी अलग रही हैं। 1918 में मानसून सबसे पहले 11 मई को केरल पहुंच गया था, जबकि 1972 में सबसे देरी से 18 जून को केरल पहुंचा था। बीते चार साल की बात करें तो 2020 में मानसून 1 जून को, 2021 में 3 जून को, 2022 में 29 मई को और 2023 में 8 जून को केरल पहुंचा था।
दतिया देश में तीसरा सबसे गर्म
एमपी में गर्मी तीखे तेवर दिखा रही है। ग्वालियर-चंबल में भीषण गर्मी पड़ रही है। रविवार को दतिया देश के सबसे गर्म शहरों में तीसरे नंबर पर रहा। यहां पारा 47.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ग्वालियर और गुना में तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र भोपाल ने सोमवार को 10 जिलों में लू चलने की संभावना जताई है। 3 जिलों में तीव्र लू चलने का अलर्ट है। मौसम वैज्ञानिक प्रकाश धावले ने तापमान में 1-2 डिग्री के इजाफे की संभावना जताई है। पूर्वी मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। एमपी में मानसून 20 जून के आसपास दस्तक देगा। इससे पहले किसी स्ट्रांग सिस्टम के सक्रिय होने की संभावना नहीं है। लिहाजा एक महीने तक तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा 80 साल का रिकॉर्ड
दिल्ली से सटे नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में तापमान 46-47 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। आईएमडी ने यूपी, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा जैसे राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में बढ़ते तापमान के बीच नोएडा के स्कूल भी गर्मी की छुट्टियों के लिए बंद कर दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश में शनिवार को परिषदीय स्कूलों में करीब 1 महीने के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। मई के महीने में दिल्ली के सफदरजंग में वर्ष 1944 में अब तक का सबसे अधिक तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में 80 साल के बाद यह पहला मौका है, जब नजफगढ़ में तापमान 47.8 डिग्री पहुंच गया। नोएडा में भी अधिकतम तापमान 46-47 डिग्री दर्ज किया गया है। यूपी के आगरा में रविवार को 47.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।  राजस्थान के बीकानेर में तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं बाड़मेर, जैसलमेर, पिलानी में तापमान 46 डिग्री पार कर गया है। यहां रेड अलर्ट जारी किया गया है।